अनमोल मिश्रा, सतना। एमपी के सतना के रघुराजनगर तहसील के सोहास क्षेत्र में बुधवार रात सेमरावल नदी के उफान पर आने के बाद ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गईं। नदी का पानी बढ़ने से सोहास और सेमरा की ओर जाने वाली सड़कों पर जलभराव हो गया। हालात यह रहे कि वाहन गांव के अंदर तक नहीं पहुंच सके। ऐसे में बीमार 65 वर्षीय बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाने के लिए परिजनों और ग्रामीणों को करीब तीन किलोमीटर तक चारपाई पर लेकर चलना पड़ा।
यह भी पढ़ें: 27 आदिवासी बच्चों की मौत पर एक्शन! CMHO परेश उपलव हटाए गए, बालाघाट बंद का आह्वान
जानकारी के अनुसार सेमरा निवासी जगन्नाथ सिंह (65) की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस गांव तक पहुंचने की कोशिश में जुटी, लेकिन रास्ते में भरे बाढ़ के पानी के कारण वाहन आगे नहीं जा सका। इसके बाद परिजन और ग्रामीणों ने बुजुर्ग को चारपाई पर लिटाया और कंधों पर उठाकर पैदल ही एंबुलेंस तक पहुंचे। करीब तीन किलोमीटर तक ग्रामीण पानी और खराब रास्ते के बीच चारपाई लेकर चलते रहे। इस दौरान बुजुर्ग की हालत को लेकर परिजन चिंतित नजर आए।
यह भी पढ़ें: आलीराजपुर में घर के बाहर तेंदुए की दस्तक, मचा हड़कंप, दहशत में रहवासी
एंबुलेंस तक पहुंचने के बाद उन्हें उपचार के लिए रवाना किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान सेमरावल नदी के उफान पर आने से क्षेत्र का संपर्क प्रभावित हो जाता है। सड़क पर पानी भरने के कारण आपात स्थिति में भी वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते। बुधवार रात नदी में आए उफान ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन और आपातकालीन सेवाओं की जरूरत को उजागर कर दिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



