US 250th Independence Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और वहां के नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते केवल रणनीतिक साझेदारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लोकतंत्र, कानून के शासन और लोगों की असीम क्षमता में साझा विश्वास पर आधारित हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 1.4 अरब भारतीयों की ओर से वह अमेरिका को इस ऐतिहासिक अवसर पर शुभकामनाएं देते हैं और आशा करते हैं कि आने वाले वर्षों में भारत-अमेरिका संबंध नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।
भारत-अमेरिका साझेदारी को बताया वैश्विक भलाई की ताकत
अपने संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों की मित्रता दुनिया में शांति, समृद्धि और स्थिरता को बढ़ावा देने वाली एक महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने विश्वास जताया कि अमेरिका के अगले 250 वर्ष और अधिक प्रगति, नवाचार तथा वैश्विक नेतृत्व के गवाह बनेंगे, वहीं भारत-अमेरिका रणनीतिक सहयोग भी और मजबूत होगा।
अमेरिका में भव्य समारोह, ट्रंप करेंगे विशेष कार्यक्रम
अमेरिका में 250वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर देशभर में भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस ऐतिहासिक अवसर पर विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। पूरे अमेरिका में फोर्थ ऑफ जुलाई के तहत आतिशबाजी, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामुदायिक समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।
फिलाडेल्फिया में छह घंटे का मेगा कॉन्सर्ट आयोजित किया गया है, जबकि न्यूयॉर्क में दुनिया के विभिन्न देशों के विशाल जहाजों की भव्य परेड आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
हाल ही में हुई थी मोदी-ट्रंप की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हाल ही में G7 शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात हुई थी। बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई जब व्यापार, टैरिफ, आव्रजन नीतियों और कुछ क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद सामने आए थे। इसके बावजूद दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग को नई गति देने और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

