अमेठी के जामो ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी राम कुमार को सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और अनियमितताओं के आरोप में निलंबित किया गया है. मामले की जांच सहायक विकास अधिकारी शुकुल बाजार को सौंपी गई है.

अमेठी. जिले में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और विभागीय अनियमितताओं के आरोप में जामो ब्लॉक में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी राम कुमार को निलंबित कर दिया गया है. जिला पंचायत राज अधिकारी ने यह कार्रवाई करते हुए उन्हें शुकुल बाजार ब्लॉक कार्यालय से संबद्ध कर दिया है. मामले की जांच सहायक विकास अधिकारी शुकुल बाजार को सौंपी गई है.

कई मामलों में लापरवाही

राम कुमार पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के काम में अपेक्षित रुचि नहीं लेने का आरोप है. इसके अलावा, आईजीआरएस (IGRS) पर मिली शिकायतों के निस्तारण के दौरान भ्रामक और गलत जानकारी देने तथा परिवार रजिस्टर के रखरखाव में अनियमितता बरतने की बात सामने आई है.

जिला पंचायत कार्यालय की ओर से जारी पत्र में काम के प्रति लापरवाही, अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना और अन्य अनियमितताओं को निलंबन की कार्रवाई का आधार बताया गया है.

आधा वेतन मिलेगा

निलंबन अवधि के दौरान राम कुमार को नियमित वेतन के स्थान पर जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा, जो उनके वेतन का आधा होगा. आदेश के मुताबिक, यदि उन्हें निलंबन से पहले वेतन के साथ महंगाई भत्ता मिल रहा था, तो नियमानुसार आगे भी इसका भुगतान जारी रहेगा.

अधिकारी ने दी जानकारी

जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि ग्राम पंचायत अधिकारी राम कुमार के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच के लिए सहायक विकास अधिकारी शुकुल बाजार को जांच अधिकारी नामित किया गया है. इस संबंध में जिला पंचायत कार्यालय की ओर से पत्र भी जारी किया गया है.