अमेठी के गौरीगंज थाना क्षेत्र में रायबरेली-सुलतानपुर मार्ग पर शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई. मृतकों में रायबरेली के रोहित और अंकित रावत के अलावा अमेठी के शुभम कुमार शामिल हैं.
अमेठी. जिले में शुक्रवार को गौरीगंज थाना क्षेत्र के रायबरेली-सुलतानपुर मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई. हादसा बनी रेलवे स्टेशन से पहले हुआ. मृतकों में रायबरेली जिले के दो युवक और अमेठी का एक युवक शामिल है.
हादसे में तीन की मौत
पुलिस के मुताबिक, एक मोटरसाइकिल पर रोहित रावत (18), पिता रामसेवक रावत, निवासी इटकोटी गांव, थाना हरचंदपुर, जिला रायबरेली और अंकित रावत (22), पिता देशराज, निवासी बकवारा गांव, थाना हरचंदपुर, जिला रायबरेली सवार थे.
दूसरी बाइक पर शुभम कुमार (22), पिता रामकुमार, निवासी विशुन दासपुर कस्बा, थाना गौरीगंज, जिला अमेठी सवार था. दोनों मोटरसाइकिलों की टक्कर इतनी गंभीर थी कि तीनों युवकों की जान चली गई.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर गौरीगंज पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को हादसे की जानकारी दी. तीनों युवकों की मौत की खबर से उनके परिवारों में शोक का माहौल है.
अमेठी के पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है. पुलिस शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजने और अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने में जुटी है.

