हरियाणा डेस्क। हरियाणा इस समय भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहा है, लेकिन शनिवार सुबह कुछ इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। सिरसा के डबवाली और झज्जर के कई गांवों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। वहीं, कई जिलों में आसमान में बादल छाए रहे।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में गर्मी का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक बना हुआ है।
बीते दिन रोहतक सबसे अधिक गर्म जिला रहा, जहां पारा 45.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रदेश के कई हिस्सों—सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और रेवाड़ी—में लू ने लोगों को काफी परेशान किया।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बना रहेगा। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि 28 मई को कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी से मौसम में थोड़ी नरमी आ सकती है।
फिलहाल, 27 मई तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं, लेकिन लू का असर जारी रहने की चेतावनी दी गई है।

