NEET और उससे जुड़े मुद्दों को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्रों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान राहुल गांधी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। इसके बाद सरकार की ओर से केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने उनसे मुलाकात की।

सरकार ने NEET मुद्दे पर संसद में चर्चा का दिया आश्वासन

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के मुताबिक, सरकार की ओर से राहुल गांधी से धरना समाप्त करने का अनुरोध किया गया, क्योंकि जिस स्थान पर प्रदर्शन किया जा रहा था, वहां विरोध प्रदर्शन से आम लोगों को परेशानी हो रही थी। बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने मांग रखी कि यदि सरकार NEET और उससे जुड़े आंदोलन के सभी मुद्दों पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है, तो वह धरना समाप्त कर देंगे।

जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि सरकार के शीर्ष नेतृत्व से अनुमति लेने के बाद राहुल गांधी को आश्वासन दिया गया कि NEET और उससे जुड़े सभी विषयों पर संसद में चर्चा के लिए सरकार तैयार है।

राहुल गांधी ने रखी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उनके अनुसार, सरकार की ओर से चर्चा की मांग स्वीकार किए जाने के बाद राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी सामने रख दी।

जितेंद्र सिंह का कहना है कि राहुल गांधी ने कहा कि अब उनकी दो मांगें हैं—पहली, संसद में NEET पर चर्चा और दूसरी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा। मंत्री के मुताबिक, जब राहुल गांधी को उनकी पहले की मांग की याद दिलाई गई, तो उन्होंने कहा कि अब उनकी मांगें बदल गई हैं।

जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी के रुख पर उठाए सवाल

केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी के इस रुख को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सरकार NEET और उससे जुड़े आंदोलन के सभी मुद्दों पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने इस मामले पर नियमों के तहत औपचारिक चर्चा के लिए अब तक कोई नोटिस नहीं दिया है।

जितेंद्र सिंह ने राहुल गांधी के प्रदर्शन को लोकतांत्रिक नियमों के अनुरूप नहीं बताया और कहा कि विपक्ष के नेता जैसे वरिष्ठ पद पर बैठे व्यक्ति से अपनी मांगों पर कायम रहने की अपेक्षा की जाती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m