Amit Shah Alwar Rally: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को अलवर के विजय नगर ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने आगामी पंचायत और निकाय चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं और आमजन से संवाद किया। मंच पर पहुंचते ही शाह ने भारत माता के जयकारे लगवाए और कहा कि राजस्थान की जनता भाजपा को मजबूत करने का मन बना चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आने वाले चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने का आह्वान किया।

कांग्रेस पर शाह का सीधा हमला
अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और विपक्ष के नेता विकास के बजाय आपसी विवाद और झगड़े की राजनीति में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की भाजपा सरकार विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता दे रही है।
अलवर को करीब 700 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान सरकार की ओर से कुल 6,453 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इनमें अलवर के करीब 700 करोड़ रुपये के विकास कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे।
अलवर मेडिकल कॉलेज का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के अवसर पर अमित शाह ने अलवर मेडिकल कॉलेज का नाम अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज करने की घोषणा की। शाह ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह इस मंच से पूरे देश और अलवरवासियों की ओर से उन्हें हृदय से श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
200 करोड़ से बनेगा नया सरस डेयरी प्लांट
अलवर में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए सरस डेयरी प्लांट का ई-शिलान्यास किया गया। प्लांट की शुरुआती क्षमता प्रतिदिन 3 लाख लीटर दूध प्रोसेस करने की होगी। अमित शाह ने कहा कि आने वाले समय में इसकी क्षमता बढ़ाकर 5 लाख लीटर प्रतिदिन की जाएगी। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को दूध का भुगतान मौजूदा व्यवस्था की तुलना में जल्द सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
भीलवाड़ा, जयपुर समेत चार जिलों को भी डेयरी प्लांट
अमित शाह ने बताया कि 274 करोड़ रुपये की लागत से अलवर के अलावा भीलवाड़ा, जयपुर, पाली और राजसमंद में भी सरस डेयरी के चार प्लांट शुरू किए जा रहे हैं। इनसे आने वाले समय में दुग्ध उत्पादकों को लाभ मिलने की बात कही गई।
10,580 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम में किसान सम्मान निधि और फसल बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के तहत DBT के माध्यम से 152 करोड़ रुपये की राशि लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की गई। वहीं, 10,580 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। फलोदी, बालोतरा, डीडवाना और प्रतापगढ़ में नए जिला सहकारी बैंकों की शुरुआत भी की गई। इनमें किसानों को शून्य ब्याज पर ऋण की सुविधा मिलने की बात कही गई।
गुजरात मॉडल का दिया उदाहरण
अमित शाह ने महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए गुजरात मॉडल का उदाहरण दिया। उन्होंने राजस्थान में भी इसी तरह की पहल को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया। शाह ने कहा कि कांग्रेस अभी भी झगड़ा लगाने में लगी है, जबकि राजस्थान की जनता ने भाजपा की सरकार को मजबूत करने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने वाला है। केंद्रीय सहकारिता मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने सहकारिता मंत्रालय के माध्यम से देश के हर गांव को समृद्ध बनाने का लक्ष्य रखा है।
पढ़ें ये खबरें
- अमित शाह ने अलवर में क्यों कहा- कांग्रेस का सूपड़ा साफ करना है? मेडिकल कॉलेज समेत कई बड़े ऐलान
- CJP कार्यकर्ता के पिता की मौत, ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के बाद हमले का आरोप ; दीपके बोले- इंसाफ दिलाने तक चुप नहीं बैठेंगे
- भोपाल में पैगाम-ए-मोहब्बत रैली के दौरान बवाल: उपद्रवियों ने पुलिस पर हमला कर वर्दी फाड़ी, 2 जवान घायल
- दर्दनाक हादसा: छोटे भाई को डूबता देख बचाने डबरी में उतरी बहन, दोनों की हुई मौत, इलाके में पसरा मातम
- रविवार की छुट्टी बनी काल! नहाने के दौरान अवैध गड्ढे में तीन किशोर डूबे, दो की मौत

