अमित शाह ने लखनऊ में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर रामभक्तों पर गोली चलवाने को लेकर निशाना साधा. उन्होंने उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का दावा करते हुए सत्ता में लौटने पर यूसीसी लागू करने की बात कही.
लखनऊ. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार, 30 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला. डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में रामभक्तों पर हुई गोलीबारी का जिक्र किया. शाह ने सवाल उठाया कि रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाले लोग किस मुंह से उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने की बात करते हैं.
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता रामभक्तों पर गोली चलवाने वालों को कभी माफ नहीं करेगी. भाजपा ने राम मंदिर का निर्माण कराया है और जनता इस घटना को नहीं भूलेगी. शाह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है. उन्होंने यह भी कहा कि जनता संबंधित नेताओं की तीसरी पीढ़ी को भी माफ नहीं करेगी.
नोटबंदी को लेकर अखिलेश पर निशाना
अमित शाह ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2016 में नोटबंदी के बाद उन्हें रातभर नींद नहीं आई थी. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की चुनावी सफलता के पीछे मजबूत संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत है.
2014 से मजबूत हुआ भाजपा संगठन
शाह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के दौरान प्रदेश में पार्टी के केवल 44 विधायक थे. उस समय संगठन की स्थिति अच्छी नहीं थी. उन्होंने बताया कि संगठन को मजबूत करने के लिए वह खुद तहसील स्तर तक गए और कार्यकर्ताओं के साथ काम किया.
उन्होंने कहा कि संगठन मजबूत होने के बाद वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 41 प्रतिशत वोट हासिल किए और 73 सीटों पर जीत दर्ज की. इसके बाद वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को करीब 40 प्रतिशत वोट मिले और उसने 312 सीटें जीतीं. शाह ने इन नतीजों को संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम बताया.
यूपी में यूसीसी लागू करने का ऐलान
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की लगातार तीसरी सरकार बनाने का समय आ गया है. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सरकार की चिंता किए बिना विवादित ढांचे को ध्वस्त कराया था.
शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश को माफिया से मुक्त कराया है. उन्होंने कहा कि कई राज्यों में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू हो चुकी है. उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनवाइए, यहां यूसीसी लागू करेंगे.
चुनाव आयोग पर विपक्ष को चुनौती
अमित शाह ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चुनाव आयोग के मुद्दे पर खुली चर्चा की चुनौती दी. उन्होंने कहा कि भाजपा इस विषय पर विशेष सत्र बुलाकर चर्चा करने के लिए तैयार है.
शाह ने विपक्ष पर चुनाव हारने के बाद चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराने का आरोप लगाया. उन्होंने गुजरात, हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश और असम में भाजपा की बार-बार बनी सरकारों का जिक्र किया. साथ ही कहा कि बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बना है, जबकि ओडिशा में पार्टी ने बहुमत की सरकार बनाई है.
उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश की बारी है. शाह ने दावा किया कि अगले 30 साल तक प्रदेश में भाजपा के अलावा किसी अन्य दल की सरकार नहीं बनने वाली. उन्होंने इसके पीछे उत्तर प्रदेश की जनता का भाजपा के प्रति समर्थन बताया.
मोदी के चौथी बार पीएम बनने का दावा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि वह तीन बार प्रधानमंत्री बन चुके हैं. यदि इसी तरह काम करते रहे तो चौथी बार भी प्रधानमंत्री बनेंगे.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि केवल बड़े पद हासिल करने की इच्छा रखने से सफलता नहीं मिलती. इसके लिए जमीन पर लगातार मेहनत करनी पड़ती है. शाह ने उदाहरण देते हुए कहा कि कोई व्यक्ति सांसद बनने की इच्छा रखता हो, लेकिन उसे जिला पंचायत सदस्य तक सीमित रहना पड़ सकता है.
उन्होंने बेहतर चुनावी प्रदर्शन के लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय रहने और संगठन को मजबूत करने की सलाह दी. शाह ने दोहराया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार अंगद के पैर की तरह है, जिसे कोई हिला नहीं सकता.
मोदी की योजनाओं को योगी ने जमीन पर उतारा
शाह ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू किया है. उन्होंने इन्वेस्टर मीट के तहत सामने आई योजनाओं का भी उल्लेख किया और कहा कि उनमें से कई अब जमीन पर उतर चुकी हैं.
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले और उसके बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है. सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंच रहा है.
कार्यकर्ताओं को दी बूथ मजबूत करने की नसीहत
बैठक में पंकज चौधरी ने स्वागत भाषण दिया. उन्होंने कहा कि सरकार योजनाएं तैयार करती है, लेकिन उन्हें धरातल पर लागू करने की जिम्मेदारी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की होती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए हर वर्ग तक पहुंचने और किसी को भी नहीं छोड़ने की अपील की.
पंकज चौधरी ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान अपराध और भ्रष्टाचार से थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की तस्वीर बदली है.
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करने के बाद अमित शाह दिल्ली के लिए रवाना हो गए. उनके रवाना होने के बाद कार्यसमिति की बैठक फिर से शुरू हुई.

