Amit Shah Punjab Visit : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में 250 करोड़ की लागत के विकासकार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने मंच से जनता को संबोधित किया. जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल के नारे के साथ अमित शाह ने संबोधन की शुरुआत की. इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.

1984 सिख नरसंहार राजनीति से था प्रेरित : अमित शाह

चंडीगढ़ को सिख गुरुओं की कर्मभूमि बताते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा 1984 सिख नरसंहार राजनीति से प्रेरित था. ऐसा नरसंहार देश ने पहले कभी देखा था और न ही देखेगा. यही कारण था कि उस समय राजीव गांधी ने कहा था ‘जब बड़ा पेड़ गिरता हैं तो धरती कांपती है.’ उन्होंने कहा, 1 नवंबर वो दिन है जब सिख नरसंहार हुआ था और इसी दिन दिल्ली में रैली रख कर राहुल गांधी ने सिखों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया.

जीवनभर मॉक पार्लियामेंट में ही बने रहें प्रधानमंत्री

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि सोनिया गांधी का सपना है कि उनका बेटा प्रधानमंत्री बने, लेकिन यह पूरा नहीं हो पा रहा है. इसलिए अब उन्होंने मॉक पार्लियामेंट का नया तरीका अपनाया है. राहुल गांधी को अगर प्रधानमंत्री बनना है, तो जीवनभर मॉक पार्लियामेंट में ही बने रहें, क्योंकि उनका नंबर कभी नहीं आने वाला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार तीन चुनाव हार चुकी है.

शाह ने कहा कि झूठ बोलना, अराजकता फैलाना, संसद की कार्यवाही बाधित करना और संसदीय मुद्दों को सड़क पर लाकर हंगामा करना यदि विपक्ष की कार्यशैली बनी रही, तो उसे अगले पांच साल भी विपक्ष में बैठने के लिए तैयार रहना चाहिए.

पंजाब समेत पूरे देश से नशा खत्म करने का संकल्प

पंजाब में ड्रग्स के मुद्दे को उठाते हुए अमित शाह ने बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब समेत पूरे देश से नशे का खात्मा कर दिया जाएगा. शाह ने केंद्र सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 हटाने, नक्सलवाद और तीन तलाक जैसे मुद्दों पर ऐसे फैसले लिए गए, जिन्हें कभी असंभव माना जाता था.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H