अमृतसर. अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास रविवार रात संदिग्ध ड्रोन एक्टिविटी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है. सुरक्षा एजेंसी ड्रोन मूवमेंट की जांच कर रही है, सवाल यह है कि यह ड्रोन कहां से आया था और किस उद्देश्य से इसे एयरपोर्ट के आसपास फ्लाई किया गया. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तीन उड़ानों को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया. इस घटनाक्रम के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई.

राजासांसी के पास देखे गए ड्रोन

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 9 बजे राजासांसी के पास स्थित एक गांव में ड्रोन एक्टिविटी देखे जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद एहतियाती कदम उठाते हुए अमृतसर आने वाली तीन उड़ानों का रूट बदल दिया गया. हालांकि, ड्रोन एक्टिविटी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके कुछ दिनों पहले भी ऐसे ही एयरपोर्ट के पास ड्रोन मूवमेंट की खबर समाने आई थी, जिसके बाद भी वहां सुरक्षा बढ़ाई गई थी.

एयर इंडिया की फ्लाइट वापस लौटी

जानकारी मिली है कि ड्रोन एक्टिविटी की सूचना के बाद एयर इंडिया की दिल्ली से अमृतसर आ रही फ्लाइट AI-855 को वापस दिल्ली भेज दिया गया. इस फैसले के चलते विमान को अपने निर्धारित गंतव्य अमृतसर के बजाय दिल्ली लौटना पड़ा.

इंडिगो की फ्लाइट चंडीगढ़ डायवर्ट

इंडिगो की मुंबई से अमृतसर आ रही फ्लाइट 6E-5028 को चंडीगढ़ डायवर्ट कर दिया गया. इसके अलावा, मलेशिया एयरलाइंस की कुआलालंपुर से अमृतसर आ रही फ्लाइट MH-118 को भी एहतियातन दिल्ली भेज दिया गया. इस तरह ड्रोन एक्टिविटी की सूचना के बाद अमृतसर आने वाली तीन उड़ानों के रूट में बदलाव किया गया.