चंडीगढ़। पंजाब के अमृतसर में पुलिसकर्मी पर फायरिंग का मामला सामने आया है। गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) में तैनात सहायक उप निरीक्षक (ASI) सुखचैन सिंह को बाइक सवार तीन हमलावरों ने गोली मार दी। गोली उनके बाएं हाथ में लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, ASI सुखचैन सिंह ड्यूटी खत्म करने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अमृतसर के जगदेव खुर्द गांव के पास पीछे से आए तीन बाइक सवार युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
गोली लगने के बाद घायल ASI को तत्काल अजनाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया। रविवार रात अमृतसर के अस्पताल में पत्रकारों से बातचीत में सुखचैन सिंह ने बताया कि वह घर जा रहे थे, तभी पीछे से तीन हमलावर आए और अचानक उन पर गोली चला दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है।
पिछले महीने भी ASI की गोली मारकर हुई थी हत्या
अमृतसर में पुलिसकर्मी पर यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब पिछले महीने ही एक ASI की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 18 सितंबर की देर रात अमृतसर की भगतानवाला अनाज मंडी में मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने ASI हरजीत सिंह पर फायरिंग की थी। इस हमले में उनकी मौत हो गई थी।
लगातार पुलिसकर्मियों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
BJP ने कानून-व्यवस्था को लेकर AAP सरकार को घेरा
ASI पर हुए हमले को लेकर विपक्ष ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।
बिट्टू ने कहा कि आखिर पंजाब में कितने और पुलिसकर्मियों पर हमले होंगे और भगवंत मान सरकार क्या कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में लगातार गोलीबारी, हत्या और फिरौती जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार के ‘रंगला पंजाब’ के दावे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आज पंजाब गैंगस्टरों के डर में जी रहा है।
- बाप-बेटों पर हमला: आरोपियों ने घर पर बरसाए ईंट-पत्थर, बाहर निकलने पर मारा चाकू
- कोयला घोटाला: आरोपी पूर्व विधायक चंद्रदेव राय, विनोद तिवारी के साथ कोर्ट पहुंचे विधायक देवेंद्र यादव, कहा- न्यायालय पर पूरा भरोसा, पर सरकार पर नहीं…
- रानी दुर्गावती जयंती पर दिखा अनोखा राजनीतिक दृश्य! कांग्रेस विधायक ने की CM की सराहना, दिए कई सियासी संदेश
- भालुओं का तांडव! 1 रात में तोड़े 7 घरों के दरवाजे, शहद के लिए पानी टंकी पर चढ़ी मादा भालू, देखें VIDEO
- ज्ञानेश कुमार नहीं हटेंगेः सुप्रीम कोर्ट ने सीईसी को हटाने की मांग को खारिज किया, चुनाव आयोग को नोटिस जारी किया

