अमरोहा के डाईडेरा गांव में शनिवार शाम विवाद के दौरान एक शिक्षक ने पत्नी की गर्दन पर फावड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल फावड़ा बरामद कर लिया है.

अमरोहा. देहात थाना क्षेत्र के डाईडेरा गांव में शनिवार शाम पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद खूनी वारदात में बदल गया. शहर के एक निजी स्कूल में शिक्षक रामौतार सिंह ने पत्नी रूबी (45) की गर्दन पर फावड़े से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल फावड़ा भी बरामद कर लिया है.

कई दिनों से चल रहा था विवाद

पुलिस के अनुसार रामौतार और रूबी के बीच पिछले कई दिनों से मनमुटाव चल रहा था. दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी. रामौतार गांव के प्रशासक सत्यप्रकाश सिंह का भाई है.

रामौतार और रूबी की शादी वर्ष 1999 में हुई थी. उनका इकलौता बेटा ललित कुमार है. दो दिन पहले रामौतार ने पत्नी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और इसके बाद वह घर से चला गया था.

परिजन खोजकर घर लाए

शनिवार सुबह ललित कुमार, भतीजे टिंकू और अन्य परिजन रामौतार को तलाशते हुए पहुंचे और उसे घर लेकर आए. इसके बाद ललित और टिंकू परीक्षा देने के लिए अलीगढ़ चले गए, जबकि परिवार के अन्य लोग अपने काम में लग गए.

शाम करीब सात बजे रामौतार और रूबी के बीच फिर विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रामौतार ने आपा खो दिया और फावड़े से रूबी की गर्दन पर वार कर दिया. बचाव के दौरान रूबी के हाथ में भी चोटें आईं. गंभीर रूप से घायल रूबी की कुछ देर बाद मौत हो गई.

पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और रूबी के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए. मायके वालों ने हंगामा शुरू कर दिया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और रामौतार को पकड़कर थाने ले गई.

एएसपी अखिलेश भदौरिया और सीओ अवधभान भदौरिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. एसपी लखन सिंह यादव के निर्देश पर फोरेंसिक और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए.

बेटे के सामने मुश्किल हालात

रामौतार और ग्राम प्रधान/प्रशासक सत्य प्रकाश सिंह सगे भाई हैं, हालांकि दोनों अपने-अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं. घटना के बाद सत्य प्रकाश सिंह भी दुखी हैं और उन्हें अपने भतीजे ललित कुमार के भविष्य की चिंता है.

मां की मौत और पिता की गिरफ्तारी के बाद परिवार का इकलौता बेटा ललित मुश्किल स्थिति में है. घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है.