अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के अब्दुल्लाह हॉल में सोमवार को छात्राओं ने मेस और हॉस्टल की व्यवस्थाओं को लेकर थाली-प्लेट बजाकर प्रदर्शन किया. छात्राओं ने प्रॉक्टर टीम पर धक्का-मुक्की का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की.

अलीगढ़. मुस्लिम विश्वविद्यालय के अब्दुल्लाह हॉल में सोमवार को छात्राओं ने हॉस्टल और मेस की व्यवस्थाओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. छात्राओं ने थाली और प्लेट बजाकर मेस में साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतों को लेकर नाराजगी जताई.

प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने नारेबाजी की और हॉस्टल का गेट बंद कर दिया. सूचना मिलने के बाद एएमयू की प्रॉक्टर टीम मौके पर पहुंची और छात्राओं से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी की स्थिति बन गई.

प्रॉक्टर टीम पर आरोप

छात्राओं का आरोप है कि अब्दुल्लाह हॉल के हॉस्टल और मेस में लंबे समय से साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं है. उनका कहना है कि मेस में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ.

छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि समस्याओं को लेकर आवाज उठाने पर उन्हें धमकाया जा रहा था. प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने प्रॉक्टर टीम पर उनके साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.

छात्राओं ने हॉस्टल और मेस की साफ-सफाई के साथ भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने तथा व्यवस्था में सुधार की मांग रखी.

1400 रुपये में भोजन

मामले में एएमयू प्रॉक्टर डॉ. नावेद खान ने कहा कि छात्राओं की शिकायतों और सुझावों को लेकर हॉस्टल प्रशासन लगातार उनसे बातचीत कर रहा है. उनके मुताबिक पिछले 10 दिनों में छात्राओं के साथ 3 से 4 बैठकें भी हो चुकी हैं.

प्रॉक्टर ने बताया कि छात्राओं को करीब 1400 रुपये के मासिक योगदान में पूरे महीने का भोजन उपलब्ध कराया जाता है. किसी दिन निर्धारित भोजन के अलावा कुछ अतिरिक्त दिया जाता है तो उसके लिए छात्राओं से अलग से पैसे नहीं लिए जाते.

उन्होंने कहा कि हॉस्टल के भोजन के लिए बाहर से कोई अलग फंड नहीं मिलता और भोजन की व्यवस्था छात्राओं से मिलने वाले योगदान से ही की जाती है.

भोजन और सफाई पर विवाद

डॉ. नावेद खान ने कहा कि महंगाई के कारण छात्राओं की हाई क्वालिटी फूड से जुड़ी सभी मांगों को 1400 रुपये के मासिक बजट में पूरा करना संभव नहीं है. हालांकि, भोजन की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि हॉस्टल प्रवोस्ट की भी कुछ सीमाएं हैं, लेकिन छात्राओं की जायज मांगों पर विचार किया जा रहा है. प्रॉक्टर के अनुसार भोजन से जुड़े मुद्दे पर हॉस्टल प्रशासन की छात्राओं के साथ बातचीत जारी है और उनके सुझावों के आधार पर व्यवस्था में सुधार का प्रयास किया जा रहा है.

कुत्तों और बिल्लियों की शिकायत

छात्राओं ने हॉस्टल परिसर में बड़ी संख्या में कुत्तों के आने की शिकायत भी की है. इसके अलावा परिसर में बिल्लियों के आने की बात भी सामने आई है.

प्रॉक्टर ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन से बातचीत की जा रही है. हॉस्टल प्रशासन की ओर से छात्राओं की ओर से उठाए गए मुद्दों पर बातचीत जारी रखने की बात कही गई है.

परीक्षाओं पर भी असर

अब्दुल्लाह हॉल में हुए प्रदर्शन का असर सोमवार को अब्दुल्लाह स्कूल और एएमयू गर्ल्स स्कूल में प्रस्तावित परीक्षाओं पर भी पड़ा. छात्राओं के अनुसार, हॉस्टल में चल रहे घटनाक्रम और हंगामे के कारण कई छात्राएं परीक्षा देने नहीं पहुंच सकीं.

परीक्षा देने पहुंची छात्राओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. छात्राओं का कहना है कि इस तरह की स्थिति उनके शैक्षणिक कार्यक्रम को प्रभावित कर रही है.