यमुनानगर। शहर में डीएवी गर्ल्स कॉलेज के पास रात करीब 11:30 बजे एक बड़ा हादसा हो गया. घर लौट रहे चालक अजय को अचानक चक्कर आ जाने से उनकी सफेद रंग की होंडा अमेज कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि खंभा टूटकर कार पर गिर गया और गाड़ी से धुआं उठने के बाद भीषण आग भड़क उठी. कार के दरवाजे लॉक न होने के कारण चालक तुरंत बाहर निकल आए और अपनी जान बचाई.
चक्कर आने से बिगड़ा कार का संतुलन
कार में अकेले सवार चालक अजय ने बताया कि वह रात करीब 11:30 बजे अपनी कार से घर जा रहे थे. डीएवी गर्ल्स कॉलेज के पास पहुंचते ही उन्हें अचानक चक्कर आ गया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह खंभे से टकरा गई. खंभा गिरते ही कार से धुआं निकलने लगा. अजय ने बताया कि दरवाजे लॉक न होने के कारण उन्होंने बिना देरी किए बाहर निकलकर जान बचाई.
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू, कार जलकर खाक
हादसा देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें लगातार बढ़ती गईं. सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी.
बिजली के तार और इंटरनेट लाइनें भी टूटीं
इस दुर्घटना में बिजली के खंभे की तारों के साथ-साथ उसके ऊपर से गुजर रही इंटरनेट की लाइन भी जलकर टूट गई. मामले में सिटी थाना प्रभारी मनोज ने बताया कि रात में सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. फिलहाल इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन मामले की जांच की जा रही है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

