अजय सैनी, हिसार। मिनी क्यूबा’ के नाम से मशहूर भिवानी के युवा मुक्केबाज तेजस श्योराण ने 59वीं हरियाणा स्कूल स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है. भिवानी के स्थानीय भीम स्टेडियम में 18 से 21 अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता में तेजस ने अंडर-17 जूनियर वर्ग के 60 किलोग्राम भारवर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की. खिताबी मुकाबले में उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को एकतरफा अंदाज में मात देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया. इस स्वर्णिम सफलता से स्थानीय खेल प्रेमियों और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है.

कोच नवीन बल्हारा के मार्गदर्शन में सीख रहे मुक्केबाजी

विद्या नगर निवासी तेजस श्योराण अजीत बॉक्सिंग क्लब भिवानी में मुक्केबाजी का अभ्यास करते हैं. वह यहां कोच नवीन बल्हारा के मार्गदर्शन में खेल के गुर सीख रहे हैं. फाइनल मुकाबले के दौरान तेजस ने रिंग में जबर्दस्त तकनीकी कौशल, फुर्ती और आक्रामकता का परिचय दिया और सामने वाले खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया.

पिता बोले- निरंतर मेहनत और लगन का मिला फल

तेजस की इस उपलब्धि पर उनके पिता अधिवक्ता सुमित श्योराण ने खुशी जाहिर की है. उन्होंने कहा कि तेजस की यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है. इससे पहले भी तेजस ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है.

तेजस ने रोहतक में 22 से 26 मार्च 2026 तक आयोजित चौथी जूनियर हरियाणा स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप के 57 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीता था. इसके अलावा उन्होंने फरीदाबाद में आयोजित हरियाणा स्कूल स्टेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप के सब-जूनियर वर्ग में भी कांस्य पदक हासिल किया था. सुमित श्योराण ने कहा कि एक खिलाड़ी की असली पहचान उसकी मेहनत और सकारात्मक सोच से होती है और उन्हें विश्वास है कि तेजस भविष्य में देश का नाम रोशन करेगा.

ओलंपिक में देश के लिए गोल्ड जीतना ही मुख्य लक्ष्य

स्वर्ण पदक जीतने के बाद तेजस श्योराण ने अपनी सफलता का श्रेय कोच नवीन बल्हारा के मार्गदर्शन और माता-पिता के निरंतर समर्थन को दिया. तेजस ने बताया कि रिंग में हर बाउट उनके लिए एक नया अनुभव और चुनौती होती है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m