गुलशन कुमार, नारनौल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी स्थित नवनिर्मित इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब से पहली मालगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही इस महत्वाकांक्षी केंद्र से रेल कनेक्टिविटी का विधिवत शुभारंभ हो गया। इस परियोजना के तहत रेल यार्ड और ट्रैक का निर्माण पूरा होने के बाद यहां पहली बार मालगाड़ी पहुंची, जो क्षेत्र के औद्योगिक विकास में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा।

आयोजन में उद्योग मंत्री की उपस्थिति

इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC) और रेल मंत्रालय के उपक्रम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

408 एकड़ में तैयार हुआ पहला चरण

इस केंद्र के पहले चरण के तहत 408 एकड़ क्षेत्र में रेल, सड़क, बिजली और जल आपूर्ति जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं तैयार कर ली गई हैं। यहां मालगाड़ियों के सुगम संचालन के लिए लगभग दो किलोमीटर लंबी चार रेल पटरियां, दोहरे स्टेशन भवन और विशाल प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं।

उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा, युवाओं के लिए रोजगार

वेस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से सीधा जुड़ने के कारण यह केंद्र उत्तर भारत के प्रमुख बाजारों और बंदरगाहों तक माल की तेज तथा सस्ती ढुलाई सुनिश्चित करेगा। इससे इलाके में बड़े उद्योगों के आने का रास्ता साफ होगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m