Odisha Desk भुवनेश्वर: चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण हुई भारी बारिश और उसके बाद उत्पन्न बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए ओडिशा सरकार ने गंजम जिले को 20 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान की है। इसके साथ ही जिले के लिए कुल सहायता राशि बढ़कर 25 करोड़ रुपये हो गई है। विशेष राहत आयुक्त कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए इस अतिरिक्त वित्तीय सहायता की घोषणा की।
चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से दक्षिणी ओडिशा में भारी तबाही देखने को मिली है, जिसमें गंजम जिला सबसे बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश के बाद नदियों के जलस्तर बढ़ने और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने के कारण राज्य सरकार ने राहत और बचाव कार्यों में तेजी ला दी है।
सरकार ने पहले गंजम जिले के लिए 5 करोड़ रुपये जारी किए थे, जिसमें अब 20 करोड़ रुपये की और बढ़ोतरी कर दी गई है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों (NDRF, ODRAF और फायर सर्विसेज) द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्रियां पहुंचाई जा रही हैं और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
राज्य सरकार स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है ताकि बाढ़ पीड़ितों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जा सके और सामान्य स्थिति बहाल हो सके। अतिरिक्त धनराशि मिलने से गंजम जिले में चल रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों को और अधिक मजबूती मिलेगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

