राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/उज्जैन। वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले भव्य ‘सिंहस्थ महाकुंभ’ को लेकर उज्जैन में व्यापक स्तर पर तैयारियां और निर्माण कार्य जारी हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मास्टर प्लान के तहत सड़कों का चौड़ीकरण किया जा रहा है। इन विकास कार्यों में शहर का हर वर्ग और समुदाय आगे आकर सहयोग कर रहा है। इसी कड़ी में छत्री चौक स्थित ऐतिहासिक शाही मस्जिद के एक हिस्से को मुस्लिम समाजजनों ने स्वयं स्वेच्छा से हटाना शुरू कर दिया है।
“सभी धर्मों के लोग स्वेच्छा से कर रहे हैं सहयोग” – कलेक्टर रोशन सिंह
उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने इस संदर्भ में आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि सिंहस्थ 2028 में करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “मास्टर प्लान के अनुरूप मार्गों के चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। इसमें सभी धर्मों, समुदायों और समाजों के लोग स्वेच्छा से शासन का सहयोग कर रहे हैं। मार्ग की जद में आ रहे मकानों, दुकानों और धार्मिक स्थलों को लोग स्वयं हटा रहे हैं। छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद का हिस्सा भी मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा स्वतः ही हटाया जा रहा है, जो आपसी समन्वय और सामाजिक समरसता की एक सकारात्मक मिसाल है।”
कलेक्टर की आमजन से अपील
विकास कार्यों और निर्माणों को लेकर फैलने वाली भ्रामक खबरों पर रोक लगाते हुए कलेक्टर रोशन सिंह ने नागरिकों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक बातों में न आएं और शहर में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि सिंहस्थ की तैयारियों में सभी वर्गों की सहभागिता उज्जैन की सदियों पुरानी एकता, सद्भाव और भाईचारे की परंपरा को और अधिक मजबूत करेगी।
अफवाहों पर ध्यान न दें-उज्जैन शहर काजी
वहीं, उज्जैन शहर काजी खली कुर्रे रहमान ने मस्जिद का मामला रात में ही आपसी सहमति से सुलझ गया था। ऐसी कोई स्थिति नहीं है, जिसके लिए किसी को वहाँ जाने की आवश्यकता हो। जिस कार्य को पूरा करने का संकल्प लिया गया है, उसे पूरा किया जा रहा है। सभी से अपील है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अफवाहों के कारण घर से बाहर निकलकर अनावश्यक रूप से मौके पर न जाएं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

