कुंदन कुमार, पटना। जेडीयू (JDU) से निष्कासित और बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर तीखा हमला बोला है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने कई खुलासे किए और नीरज कुमार पर उन्हें साजिश के तहत फंसाने का गंभीर आरोप लगाया है।
मुझपर झूठे आरोप लगाए गए
अनंत सिंह ने स्पष्ट किया कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वह तय तारीख पर खुद कोर्ट में सरेंडर करेंगे। उन्होंने कहा कि वह किसी के सामने झुकने या मदद मांगने नहीं जाएंगे, बल्कि कानून का सामना करेंगे। उन्होंने कहा, नीरज कुमार ने मेरा नाम साजिश के तहत कोर्ट में भेज दिया है और सरकार भी वही कर रही है जो नीरज कुमार चाहते हैं।
दुलारचंद हत्याकांड के पीछे नीरज कुमार का हाथ
दुलारचंद हत्याकांड मामले में सीधा निशाना साधते हुए अनंत सिंह ने कहा कि जन सुराज के उम्मीदवार का समर्थन दुलारचंद ने किया था। घटना के समय वह खुद खाना खाकर चुनाव प्रचार से लौट रहे थे। अनंत सिंह ने आरोप लगाया कि दुलारचंद की हत्या नीरज कुमार ने कराई है और उन्हें इस घटना की जानकारी शाम को मिली थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, नीरज कुमार जिसे आशीर्वाद देंगे, वही जिंदा रहेगा, बाकी सबको रास्ते से हटा दिया जाएगा।
नीतीश कुमार और पार्टी पर निशाना
नीतीश कुमार और जेडीयू नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए निष्कासित विधायक ने कहा कि यदि नीतीश कुमार सक्षम और दूरदर्शी होते, तो उनके साथ यह सब नहीं होता। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पार्टी ने उन्हें तो बाहर का रास्ता दिखा दिया है, लेकिन आने वाले समय में पार्टी के लिए अपना खाता तक बचाना मुश्किल हो जाएगा।
अपने राजनीतिक भविष्य और बेटे के चुनाव लड़ने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि इस बारे में फैसला आने वाले समय में लिया जाएगा। अंत में उन्होंने जनता का जिक्र करते हुए कहा कि उनके साथ जो भी जुल्म और ज्यादती हुई है, उसका फैसला जनता और ईश्वर खुद करेंगे।

