वाराणसी. काशी में प्रवेश नहीं मिलने के एक दिन बाद शनिवार को मोकामा विधायक अनंत सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अगली बार बनारस आएंगे तो उन्हें कोई नहीं रोक पाएगा. शनिवार को प्रयागराज में अपने पुराने मित्र के घर पहुंचे अनंत सिंह ने बीएचयू के छात्र नेता डॉ. सौरव राय से बातचीत में यह बात कही. बता दें कि धनतेरस के चलते वाराणसी में पुलिस ने उनके बड़े काफिले को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी थी.
इसे भी पढ़ें- हादसा या कुछ और? सड़क किनारे गहरी खाई में मिली युवक की लाश, मौत की मिस्ट्री सुलझाने में जुटे कानून के रखवाले
अनंत सिंह बोले- अगली बार कोई नहीं रोक पाएगा
अनंत सिंह ने कहा, “इस बार नहीं आ पाए. सब जेसीबी लगाकर पता नहीं कहां भाग गए थे? कोई आने ही नहीं दिया. अगली बार आएंगे, जब बुलाइएगा तब आएंगे. अब कोई नहीं रोक पाएगा.” उनका यह बयान वाराणसी में काफिला रोके जाने के बाद आया है. उन्होंने यह बात प्रयागराज में बीएचयू के छात्र नेता डॉ. सौरव राय से बातचीत के दौरान कही.
100 से शुरू होकर 400 गाड़ियों तक पहुंचा काफिला
कहा जा रहा है कि शुक्रवार को अनंत सिंह पटना से करीब 100 गाड़ियों के काफिले के साथ प्रयागराज के लिए निकले थे. रास्ते में आरा, बक्सर और चंदौली में उनके समर्थक जुड़ते गए. इससे काफिला करीब 400 गाड़ियों का हो गया. शाम करीब पांच बजे उनका काफिला वाराणसी के डाफी इलाके में पहुंचा. यहां पुलिस ने उन्हें शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी.
बीएचयू में मालवीय प्रतिमा पर करना था माल्यार्पण
अनंत सिंह का बीएचयू के प्रवेश द्वार पर स्वागत होना था. यहां उन्हें महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करना था. इसके अलावा उन्हें छात्र नेता डॉ. सौरव राय के घर जाकर उनकी मां से भी मिलना था. सौरव राय के मुताबिक, उन्होंने प्रशासन से पहले ही अनुमति मांगी थी. छह गाड़ियों को प्रवेश देने का अनुरोध भी किया था. अनंत के मुताबिक, प्रशासन इसके लिए तैयार नहीं हुआ.
इसे भी पढ़ें- धनतेरस के दिन 8 साल की बच्ची से दरिंदगी के बाद हत्या, पिता के साथी ने किया घिनौना काम
प्रशासन की गाड़ी से जाने का प्रस्ताव ठुकराया
सौरव राय ने बताया कि प्रशासन चाहता था कि अनंत सिंह अपनी गाड़ी छोड़कर उसकी गाड़ी से जाएं. विधायक ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया. इसके बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे उनका काफिला वाराणसी में प्रवेश किए बिना प्रयागराज रवाना हो गया. इस दौरान समर्थकों और पुलिस के बीच बहस भी हुई. चंदौली में अनंत सिंह ने बीजेपी विधायक सुशील सिंह से मुलाकात कर अपनी छोटी बेटी शिवांगी की 25 नवंबर को होने वाली शादी का निमंत्रण दिया. इसके बाद वह प्रयागराज में अपने पुराने मित्र पप्पू सलमान के बेटे के शादी समारोह में शामिल हुए.

