आंध्र प्रदेश के कथित शराब टेंडर घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच तेज करते हुए YSR कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के नेता और पूर्व मंत्री करुमुरी नागेश्वर राव को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें रविवार को हैदराबाद के कोंडापुर से गिरफ्तार किया गया।
अब तक चार गिरफ्तारियां
इस मामले में ED की यह चौथी बड़ी गिरफ्तारी है। इससे पहले एजेंसी ने करुमुरी नागेश्वर राव के बेटे करुमुरी सुनील कुमार, आंध्र प्रदेश बेवरेजेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (APBCL) के पूर्व एमडी वासुदेव रेड्डी और राज केसी रेड्डी को गिरफ्तार किया था।
‘सिग्मा’ के जरिए कथित सिंडिकेट का खेल
जांच एजेंसियों को संदेह है कि शराब परिवहन से जुड़े टेंडर में दिल्ली स्थित सिग्मा सप्लाई चेन सॉल्यूशंस का इस्तेमाल कथित तौर पर एक मुखौटा कंपनी के रूप में किया गया। आरोप है कि टेंडर की शर्तों में बदलाव कर कंपनी को अनुबंध दिलाया गया और बाद में इसकी अवधि भी बढ़ाई गई।
ED की जांच के अनुसार, परिवहन से जुड़े कथित भुगतान का 95 से 96 प्रतिशत हिस्सा सिंडिकेट से जुड़े खातों में, जबकि करीब 4 प्रतिशत राशि सिग्मा को मिली। एजेंसी के मुताबिक, इस कथित व्यवस्था से सरकारी खजाने को लगभग 195.33 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
400 करोड़ तक पहुंच सकता है घोटाला
CID के शुरुआती अनुमान के अनुसार, कथित शराब परिवहन घोटाले का दायरा 200 करोड़ से 400 करोड़ रुपये तक हो सकता है। जांच एजेंसियां अब कथित रिश्वत, हवाला लेनदेन और धन के अंतिम लाभार्थियों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।
ED को संदेह है कि शराब आपूर्ति और परिवहन से जुड़े नेटवर्क में कई प्रभावशाली लोगों तथा उनसे जुड़ी कंपनियों या कथित मुखौटा संस्थाओं का इस्तेमाल किया गया। मामले में आगे और गिरफ्तारियां तथा संपत्तियों पर कार्रवाई होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

