प्रतिक पटनायक, धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सांकरा गांव में इन दिनों दो युवकों के उत्पात से पूरा गांव परेशान है। गांव के दो युवक लगातार शासकीय गौठान को नुकसान पहुंचा रहे हैं। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने आज मगरलोड थाने का घेराव किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही न्याय की गुहार भी लगाई।
क्या है पूरा मामला ?
मामला मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम सांकरा का है, जहां के ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के शासकीय गौठान में दो युवक लगातार तोड़फोड़ कर उसे नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार गौठान का उपयोग गांव के लोग विभिन्न गतिविधियों के लिए करते हैं और यह ग्रामीणों की महत्वपूर्ण संपत्ति है। इसके बावजूद असामाजिक तत्वों द्वारा वहां नुकसान पहुंचाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने मगरलोड थाना में शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इतना ही नहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि उनकी शिकायत पर एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई। पुलिस की निष्क्रियता से नाराज ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता गया और आखिरकार बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए।
आक्रोशित ग्रामीणों ने मगरलोड थाना का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। वहीं इस पूरे मामले में अब तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस क्या कदम उठाती है और गौठान में तोड़फोड़ के आरोपियों के खिलाफ कब तक कार्रवाई होती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

