शिकारपुर से बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री अनिल शर्मा का गुरुवार को उनके पैतृक गांव सुरजावली में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे अनिल शर्मा का बुधवार को दिल्ली के निजी अस्पताल में निधन हुआ था.
बुलंदशहर. शिकारपुर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री अनिल शर्मा का गुरुवार को उनके पैतृक गांव सुरजावली में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. दोपहर 12:30 बजे हुए अंतिम संस्कार में जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें अंतिम विदाई दी और श्रद्धांजलि अर्पित की.
अनिल शर्मा लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे. बुधवार को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था. वह 63 वर्ष के थे. उनके निधन की खबर से बुलंदशहर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच शोक का माहौल है.
ग्राम प्रधान से शुरुआत
अनिल शर्मा का जन्म जून 1963 में शिकारपुर क्षेत्र के सुरजावली गांव में हुआ था. वर्ष 1989 में 26 वर्ष की उम्र में उन्होंने निर्विरोध ग्राम प्रधान बनकर राजनीति की शुरुआत की. इसके बाद उन्होंने दूसरी बार भी ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी संभाली और लगातार राजनीति में सक्रिय रहे.
वर्ष 2002 में उन्होंने पहली बार खुर्जा विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की. 2007 के विधानसभा चुनाव में भी वह विजयी रहे. वर्ष 2012 में परिसीमन के बाद खुर्जा सीट आरक्षित हो गई, जिसके बाद उन्होंने शिकारपुर विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन सपा प्रत्याशी मुकेश शर्मा से हार गए.
इसके बाद अनिल शर्मा भाजपा में शामिल हो गए. वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर शिकारपुर सीट से जीत दर्ज की. उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद 2019 में उन्हें राज्यमंत्री बनाया गया और वन एवं पर्यावरण से संबंधित जिम्मेदारी सौंपी गई.
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर अनिल शर्मा पर भरोसा जताया. उन्होंने शिकारपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर लगातार दूसरी बार भाजपा विधायक के रूप में जीत दर्ज की.
नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार में पहुंचे उत्तर प्रदेश के राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर ने अनिल शर्मा के निधन पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र ने एक समर्पित और लोकप्रिय नेता खो दिया है. उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की.
सुरेंद्र दिलेर ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आने वाले समय में शोक संतप्त परिवार से मुलाकात करने पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की आधिकारिक जानकारी जल्द साझा किए जाने की बात कही गई.
पूर्व केंद्रीय मंत्री जयवीर सिंह ने भी अनिल शर्मा को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए यह बेहद पीड़ादायक समय है. जयवीर सिंह ने अनिल शर्मा को मृदुभाषी, मिलनसार और सामाजिक व्यक्ति बताते हुए जनता के प्रति उनके समर्पण को याद किया.
उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा लंबे समय से बीमारी से संघर्ष कर रहे थे और सभी को उनके स्वस्थ होकर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका.
सांसद डॉ. भोला सिंह ने अनिल शर्मा के निधन को क्षेत्र और प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया. उन्होंने कहा कि विधायक और पूर्व राज्य मंत्री के रूप में अनिल शर्मा का राजनीतिक और सामाजिक योगदान हमेशा याद किया जाएगा.
डॉ. भोला सिंह के मुताबिक, अनिल शर्मा ने खुर्जा और शिकारपुर दोनों क्षेत्रों की जनता का प्रतिनिधित्व किया और विधानसभा में आम लोगों की आवाज उठाई. उनके प्रयासों से शिकारपुर क्षेत्र में विकास के कई बड़े कार्य हुए. उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की.



