कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के वरिष्ठ नेता अनिल विज ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए बड़ा राजनीतिक बयान दे दिया है। विज ने कहा कि ममता बनर्जी सिर्फ चुनावी मैदान ही नहीं छोड़ेंगी, बल्कि 4 मई को पूरा बंगाल छोड़कर भागने की स्थिति में आ जाएंगी। उनके इस बयान ने सियासी माहौल को और गर्म कर दिया है, खासकर ऐसे समय में जब राज्य में चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर है और हर बयान का सीधा असर मतदाताओं पर पड़ रहा है।
बंगाल में बंपर वोटिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर का नतीजा
विज ने अपने बयान में यह भी दावा किया कि पहले चरण में जो भारी मतदान (बंपर वोटिंग) देखने को मिला है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर का नतीजा है। उन्होंने कहा कि जनता का रुझान साफ तौर पर बदलाव की ओर है और लोग केंद्र सरकार की नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा जता रहे हैं। विज के मुताबिक, यही कारण है कि मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई है और इसका सीधा फायदा भारतीय जनता पार्टी को मिलने वाला है।
दिख सकता है सियासी पलटवार
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ऐसे तीखे बयान चुनावी रणनीति का हिस्सा होते हैं, जिनका उद्देश्य कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना और विपक्ष पर दबाव बनाना होता है। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस बयान पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस पर सियासी पलटवार देखने को मिल सकता है।
पश्चिम बंगाल की सियासत में पहले से ही भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर बनी हुई है, ऐसे में नेताओं के बयानबाजी का स्तर लगातार तेज होता जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस बयानबाजी का असर आगामी चरणों के मतदान और चुनावी नतीजों पर कितना पड़ता है।
उन्होंने दावा किया कि पहले चरण में जो बंफर वोटिंग हुआ है वह पीएम की लहर के कारण संभव हुआ है.

