राघव विज, अंबाला। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों पर तीखा पलटवार किया है। विज ने राहुल गांधी के बब्बर शेर वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी कई चुनाव हार चुके हैं और यदि वे वास्तव में बब्बर शेर होते, तो हर प्रदेश में इस तरह ‘ढेर’ न होते। इसके साथ ही उन्होंने नगर निगम चुनाव और परिसीमन के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा।

राहुल गांधी के बयान पर पलटवार

दरअसल, राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा था कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से डर नहीं लगता, बल्कि मोदी जी को कांग्रेस से डर लगता है क्योंकि बब्बर शेर उन्हें पकड़ लेगा। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि यही कारण है कि राहुल गांधी हर चुनाव में विफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष किया कि चुनाव परिणामों ने उनकी हकीकत स्पष्ट कर दी है।

नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा तैयार

नगर निगम चुनावों की चर्चाओं पर विज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा चुनावी मोड में रहती है। उन्होंने तंज कसा कि विपक्षी पार्टियां केवल चुनाव के समय ही सक्रिय होती हैं, जबकि भाजपा का कार्यकर्ता साल के 365 दिन जनता के बीच रहकर सेवा करता है। विज ने दावा किया कि जिस तरह विधानसभा चुनावों में जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और राज्य सरकार के विकास कार्यों पर मुहर लगाई, उसी तरह नगर निगम चुनावों में भी ‘कमल’ खिलेगा।

परिसीमन को बताया संवैधानिक प्रक्रिया

परिसीमन के मुद्दे पर बोलते हुए कैबिनेट मंत्री ने इसे एक अनिवार्य और महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि परिसीमन का उद्देश्य जनसंख्या के आधार पर क्षेत्रों का संतुलन बनाना है ताकि हर नागरिक को समान प्रतिनिधित्व मिल सके। उन्होंने विपक्ष से इस मुद्दे पर राजनीति न करने की अपील करते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने और विकास कार्यों में संतुलन लाने के लिए आवश्यक है।