हरियाणवी कलाकार और गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी सोमवार को शामली में उनके घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार परिवार के साथ खड़ी है और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
शामली. हरियाणवी कलाकार और गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद सोमवार को राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी शामली स्थित उनके घर पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
जयंत चौधरी ने कहा कि वह परिवार के बीच इसलिए आए हैं, क्योंकि ये उनके अपने लोग हैं. उन्होंने अंकित बालियान की हत्या को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि परिवार ने इस अपराध में अपना सब कुछ खो दिया है और यह उनके लिए बेहद पीड़ा का समय है.
जीरो टॉलरेंस पर जोर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था तभी प्रभावी रह सकती है, जब आम लोगों का भरोसा कानून पर कायम रहे. उन्होंने कहा कि कानून ने अपना काम किया है.
जयंत चौधरी के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं और इसी नीति के तहत पुलिस ने एनकाउंटर की कार्रवाई की है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.
सीएम से की थी मुलाकात
जयंत चौधरी ने बताया कि उन्होंने एक दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी. इस दौरान उन्होंने अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर अपनी बात रखी थी.
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है. जयंत चौधरी के अनुसार पुलिस की जांच और प्रशासनिक व्यवस्था में अनैतिक या राजनीतिक हस्तक्षेप जितना कम होता है, उतनी ही प्रभावी कार्रवाई और कड़े फैसले लिए जा सकते हैं.
दो हमलावर मारे गए
अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम शामली जनपद के कोतवाली क्षेत्र स्थित आर्यपुरी में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. वारदात में चार हमलावर गोलियां चलाते हुए नजर आए थे और घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था.
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में दो हमलावरों को मार गिराया. वहीं, दो अन्य हमलावर अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है.


