कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। Ankush Panghal Gold Medal : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की मुक्केबाजी स्पर्धा में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। पुरुषों के 80 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में हरियाणा के हिसार निवासी अंकुश पंघाल ने इंग्लैंड के डिमेजी शिट्टू को 4-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने बॉक्सिंग में अपना सातवां गोल्ड मेडल हासिल किया।

फाइनल मुकाबले की शुरुआत अंकुश के लिए चुनौतीपूर्ण रही। पहले राउंड में स्टैंडिंग काउंट मिलने के कारण वह पांचों जजों के स्कोर कार्ड पर 9-10 से पीछे हो गए थे। हालांकि, दूसरे और तीसरे राउंड में उन्होंने दमदार वापसी करते हुए मुकाबले का रुख पलट दिया और शानदार अंदाज में गोल्ड मेडल जीत लिया।

अंकुश पंघाल से पहले भारत के लिए सचिन सिवाच, जैस्मिन लम्बोरिया, प्रीति पवार, साक्षी चौधरी, अरुंधति चौधरी और प्रिया सांगवान भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। वहीं ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन, जादुमणि सिंह और नरेंद्र बेरवाल ने रजत पदक अपने नाम किए।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजी टीम ने कुल 10 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। इनमें 7 स्वर्ण और 3 रजत पदक शामिल हैं।

60 किलोग्राम वर्ग में सचिन सिवाच ने शानदार जज्बा दिखाते हुए नामीबिया के ट्रॉयअगेन मोर्निंग नदेवेलो को 3-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। शुरुआती दो राउंड में पिछड़ने के बावजूद सचिन ने तीसरे राउंड में विरोधी मुक्केबाज को स्टैंडिंग काउंट पर मजबूर कर मुकाबला अपने नाम किया।

महिला वर्ग के 54 किलोग्राम में विश्व नंबर-3 प्रीति पवार ने कनाडा की स्कार्लेट डेलगाडो को 5-0 से हराकर भारत के लिए दिन का पहला गोल्ड जीता। इसके बाद 57 किलोग्राम वर्ग में मौजूदा विश्व चैंपियन जैस्मिन लम्बोरिया ने नॉर्दर्न आयरलैंड की माइकेला वॉल्श को 5-0 से शिकस्त दी।

51 किलोग्राम वर्ग में साक्षी चौधरी ने इंग्लैंड की रूबी व्हाइट को 5-0 से हराया। 70 किलोग्राम वर्ग में अरुंधति चौधरी ने इंग्लैंड की चैंटेल रीड को 5-0 से मात देकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं 60 किलोग्राम वर्ग में प्रिया सांगवान ने कनाडा की मैरी-बाथौल अल-अहमदिया को 4-1 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

वहीं महिलाओं के 70 किलोग्राम फाइनल में लवलीना बोरगोहेन को ऑस्ट्रेलिया की एम्मा-सू ग्रीनट्री के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग में जादुमणि सिंह ऑस्ट्रेलिया के जाई डिक्सन से 0-5 से हार गए और सिल्वर मेडल जीता। नरेंद्र बेरवाल ने भी भारत की झोली में एक रजत पदक जोड़ा।

भारतीय मुक्केबाजों के इस शानदार प्रदर्शन ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश की पदक तालिका को और मजबूत किया है, जबकि हरियाणा के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m