पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर पर चल रही उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के 21वें दिन तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली पुलिस ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटनाक्रम पर वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने केंद्र सरकार से वांगचुक के साथ संवाद शुरू करने की अपील की है।
अन्ना हजारे बोले- मांगों पर हां या ना कहें, लेकिन बातचीत करें
अन्ना हजारे ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि सरकार को सोनम वांगचुक की सहनशक्ति की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए। उन्होंने कहा, “सरकार उनकी मांगों पर हां कहे या ना, यह उसका निर्णय है, लेकिन बातचीत करने में क्या गलत है?” हजारे ने शांतिपूर्ण संवाद को लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
नीट पेपर लीक को लेकर भूख हड़ताल पर थे वांगचुक
सोनम वांगचुक नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। लगातार 21 दिनों तक अनशन के बाद उनकी तबीयत खराब होने पर दिल्ली पुलिस ने उन्हें जंतर-मंतर से अस्पताल पहुंचाया।
राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर हमला
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि अहिंसक भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को हटाना गलत है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पेपर लीक, महंगी शिक्षा और छात्रों की आत्महत्या जैसे गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाया नहीं जा सकता और इन सवालों को उठाने वालों को बलपूर्वक नहीं रोका जा सकता।
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप वांगचुक को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने बाधा डालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने संयम के साथ पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक पूरी की।
वहीं कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र और संविधान पर “कलंक” बताते हुए इसकी आलोचना की। पार्टी का कहना है कि शांतिपूर्ण विरोध कर रहे व्यक्ति को इस तरह हटाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
2011 के आंदोलन की याद दिलाई
गौरतलब है कि 2011 में लोकपाल की मांग को लेकर अन्ना हजारे की भूख हड़ताल ने तत्कालीन यूपीए सरकार पर बड़ा दबाव बनाया था। अब हजारे ने एक बार फिर सरकार से संवाद का रास्ता अपनाने की अपील की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

