हेमंत शर्मा, इंदौर। एमपी के इंदौर में जमीनों के विवाद और धोखाधड़ी के मामलों को लेकर पुलिस ने कुख्यात भू-माफिया जफर खान के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया है। चंदन नगर पुलिस ने मोहम्मद सज्जाद अंसारी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत से जुड़ी धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खास बात यह है कि जफर खान फिलहाल पहले से दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद है।
एक ही जमीन किसी और को बेचने के बाद फरियादी को बेचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक फरियादी मोहम्मद सज्जाद अंसारी, निवासी ओल्ड राजमोहल्ला, ने शिकायत में बताया कि ग्राम सिरपुर स्थित खसरा नंबर 89/1/2/1 और 89/1/2/2 पैकी की जमीन पर लक्ष्मी नगर एन-एक्स कॉलोनी में प्लॉट नंबर 264, 265 और 266 के संबंध में आरोपी जफर खान ने उसके साथ सौदा किया।
शिकायत के अनुसार आरोप है कि इन भूखंडों को पहले ही किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया था, इसके बावजूद जफर खान ने वही जमीन फरियादी को भी बेच दी। जब फरियादी को इसकी जानकारी मिली और उसने आपत्ति जताई तो आरोपी ने उसे 3 लाख रुपये वापस किए। लेकिन शिकायत के मुताबिक बाकी 9 लाख रुपये अब तक वापस नहीं किए गए और लगातार टालमटोल की जाती रही।
12 लाख के सौदे में 9 लाख अटके
फरियादी के मुताबिक उसे कुल रकम में से 3 लाख रुपये वापस मिले, जबकि 9 लाख रुपये अभी भी बकाया हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने फरियादी की रकम का गलत इस्तेमाल कर उसे आर्थिक नुकसान पहुंचाया। मामले में चंदन नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 318(4) और 316(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले से जेल में बंद है जफर खान
जफर खान के खिलाफ यह कोई पहला मामला नहीं है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अवैध कॉलोनी काटने, जमीन से जुड़े विवाद और धोखाधड़ी सहित एक दर्जन से ज्यादा अपराध पहले से दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक इससे पहले मोहम्मद मुश्ताक खान की शिकायत पर भी जफर खान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। उस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल भेजा था और कार्रवाई की जानकारी आम लोगों तक भी पहुंचाई गई थी।
जेल में रहते हुए अब नए मामले में होगी पूछताछ
नया अपराध दर्ज होने के बाद चंदन नगर पुलिस अब जेल में बंद जफर खान को इस मामले में पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि विवादित जमीन से जुड़े दस्तावेजों को जब्त करने के साथ ही आरोपी से पूरे लेनदेन को लेकर पूछताछ की जाएगी। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि संबंधित भूखंडों के दस्तावेज किस तरह तैयार किए गए और जमीन के सौदे में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।
भूमाफिया पर पुलिस का शिकंजा जारी
पुलिस अधिकारियों के निर्देश के बाद इंदौर में जमीन से जुड़े अपराधों और भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। जफर खान पर दर्ज हुआ नया मामला इसी अभियान का हिस्सा है। फिलहाल आरोपी जेल में है, लेकिन उसके खिलाफ सामने आए नए शिकायत ने जमीन के कारोबार में फर्जी दस्तावेज और एक ही संपत्ति को अलग-अलग लोगों को बेचने जैसे गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि इस पूरे मामले में कितने लोग शामिल हैं और जमीन के सौदों में किस स्तर पर धोखाधड़ी की गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


