हेमंत शर्मा, इंदौर/ विदिशा। नशे के खिलाफ सिर्फ कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जागरूकता की नई पहल भी अब पुलिस की रणनीति का हिस्सा बन रही है। मध्य प्रदेश के विदिशा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत एक अनोखे अंदाज में लोगों तक संदेश पहुंचाया। इस बार उन्होंने मंच से भाषण देने के बजाय खुद एक नाट्य रूपांतरण (ड्रामेटिक वीडियो) में अभिनय कर नशे की भयावह सच्चाई को सामने रखा।

वीडियो में दिखाया गया है कि नशे की लत किस तरह धीरे-धीरे इंसान की जिंदगी को खोखला कर देती है। यह सिर्फ शरीर को नहीं, बल्कि परिवार की खुशियां, आर्थिक स्थिति और व्यक्ति के भविष्य को भी बर्बाद कर देती है। वीडियो का उद्देश्य लोगों, खासकर युवाओं को यह समझाना है कि नशा किसी समस्या का समाधान नहीं, बल्कि नई परेशानियों की शुरुआत है।

पुलिस का मानना है कि केवल गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई से नशे की समस्या खत्म नहीं होगी। इसके लिए समाज में जागरूकता फैलाना भी उतना ही जरूरी है। इसी सोच के साथ एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने खुद कैमरे के सामने आकर अभिनय किया और लोगों तक संदेश पहुंचाने की कोशिश की।

विदिशा पुलिस ने वीडियो के साथ अपील की है कि लोग नशे से दूर रहें, अपने परिवार को सुरक्षित रखें और नशामुक्त समाज बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से लोगों तक पहुंच रहा है और पुलिस के इस अलग अंदाज की सराहना भी की जा रही है।

नशे के खिलाफ यह पहल बताती है कि बदलते दौर में पुलिस सिर्फ कानून लागू करने वाली एजेंसी नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने वाली संस्था की भूमिका भी निभा रही है। “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान इसी संदेश को मजबूत करने की कोशिश है कि नशे के खिलाफ सबसे बड़ी लड़ाई जागरूकता और जनभागीदारी से ही जीती जा सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m