लखनऊ. एंटी पेपर लीक बिल (Anti-Paper Leak Bill) गुरुवार को राज्यसभा में भी पास हो गया है. प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा में यह बिल पेश किया था. यह बिल राज्यसभा में ध्वनिमत से पास हो गया. इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए देश के सभी युवाओं को बधाई दी है.
सीएम योगी ने एक्स पर लिखा कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उच्च सदन, राज्यसभा में पारित ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026′ देश में पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा. यह विधेयक परीक्षा माफिया, पेपर लीक एवं संगठित परीक्षा अपराधों पर कठोर प्रहार करते हुए योग्यता आधारित चयन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करेगा. सभी युवाओं को हार्दिक बधाई.’
इसे भी पढ़ें : लोकसभा के बाद राज्यसभा से भी पास हुआ एंटी पेपर लीक बिल, विपक्ष ने किया वॉकआउट
इस बिल के पारित हो जाने के बाद राज्यसभा की कार्यवाही शुक्रवार, 31 जुलाई को 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई थी. सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सदन की कार्यवाही स्थगित करने की घोषणा कर दी. इस बिल के कुछ क्लॉज में विपक्षी सदस्य जॉन ब्रिटास, एए रहीम, हरीश बीरान, संतोष कुमार पी ने संशोधन के नोटिस किए थे, लेकिन वोटिंग के समय सदन में मौजूद नहीं थे. पी विल्सन और तिरुचि शिवा ने संशोधन प्रस्तावित किए, जो संशोधन में गिर गए. यह बिल राज्यसभा में ध्वनिमत से पास हो गया.


