न्यामुद्दीन अली, अनूपपुर। जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र में बलात्कार के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसों की अड़ीबाजी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। 60 वर्षीय बुजुर्ग की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें: MP-MLA कोर्ट का बड़ा फैसला: मंत्री राव उदय प्रताप के खिलाफ दायर परिवाद खारिज, जानिए पूरा मामला

60 साल के बुजुर्ग को बना रहे थे निशाना

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी प्रदीप विश्वास (उम्र 60 वर्ष) ने जैतहरी थाने में उपस्थित होकर एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि गोल्ली कोरी, विक्की बर्मन और उमेश्वरी सिंह नामक तीन लोग उन्हें बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की लगातार धमकियां दे रहे थे। इसके बदले में आरोपियों द्वारा बुजुर्ग से ₹50,000 की मोटी रकम की मांग की जा रही थी।

BNS की नई धाराओं में मामला दर्ज

थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया। जब पुलिस ने उनसे कड़ाई से पूछताछ की, तो तीनों ने बुजुर्ग को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने का अपना जुर्म कबूल कर लिया।

ये भी पढ़ें: कल्पना मिश्रा केस में पुलिस की कार्रवाई:  पिता को धरना स्थल से हटाया, समर्थकों को भेजा कंट्रोल रूम

जैतहरी पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(6), 318(4), 319 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m