न्यामुद्दीन अली, Anuppur. मध्य प्रदेश क अनूपपुर रेलवे स्टेशन परिसर से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक बेहद अमानवीय और विचलित करने वाली घटना सामने आई है। कुछ युवकों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए एक नाबालिग बच्चे को रस्सी के सहारे लोहे के खंबे से बांध दिया और फिर उसकी बेरहमी से पिटाई की। इस खौफनाक और बर्बर कृत्य का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर किसी का दिल दहल उठा है।
ये भी पढ़ें: Singrauli में कुदरत का कहर: आंधी-बारिश में ढहा आशियाना, नींद में सोई मासूम की मौत, दो अस्पताल में भर्ती
रस्सी से जकड़ा मासूम, बरसते रहे थप्पड़-डंडे; तमाशबीन बने रहे लोग
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह चंद रसूखदार और बेखौफ युवक उस लाचार और सहमे हुए नाबालिग बच्चे पर अपनी हैवानियत बरसा रहे हैं। बच्चा खुद को छुड़ाने के लिए तड़पता रहा, रोता रहा और रहम की भीख मांगता रहा लेकिन उन युवकों का दिल नहीं पसीजा। वे लगातार उस मासूम पर लात-घूंसे और डंडे बरसाते रहे। सबसे ज्यादा हैरान और परेशान करने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक और व्यस्त इलाके के मुख्य गेट के पास सरेआम होती रही लेकिन कोई भी उस मासूम को बचाने आगे नहीं आया।
सुरक्षा के दावों की खुली पोल: कहां सो रही थी GRP और RPF?
इस अमानवीय घटना ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और कानून व्यवस्था पर एक बहुत बड़ा और गंभीर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। रेलवे परिसरों की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे तैनात रहने वाली जीआरपी (GRP) और आरपीएफ (RPF) का इस पूरी वारदात के दौरान दूर-दूर तक कोई अता-पता नहीं था।
ये भी पढ़ें: ‘पति नहीं महिला की मर्जी सर्वोपरि’: 13 हफ्ते की गर्भवती को HC से गर्भपात की अनुमति
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा, अब एक्शन का इंतजार
वीडियो वायरल होने के बाद से ही इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है। लोग इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने वाले युवकों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और रासुका जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

