सुरेश पाण्डेय, Singrauli. एक हंसता-खेलता परिवार, रात की खामोशी और आंखों में सुनहरे सपने… किसे पता था कि रात के अंधेरे में आने वाला तूफान अपने साथ मौत का परवाना लेकर आएगा। सिंगरौली जिले के सासन चौकी क्षेत्र से एक ऐसी ही रूह कंपा देने वाली दर्दनाक सामने आई है, जहां चक्रवाती आंधी और मूसलाधार बारिश ने एक गरीब परिवार का आशियाना ही नहीं उजाड़ा बल्कि उनकी 9 साल की मासूम लाडली को भी हमेशा-हमेशा के लिए उनसे दूर कर दिया।

ये भी पढ़ें: Damoh में ‘सेफ क्लिक 2.0’: साइबर ठगी के खिलाफ दौड़ा शहर, सांसद और विधायक ने बढ़ाया उत्साह

नींद में ही काल के गाल समा गई मासूम

दिल को झकझोर देने वाला यह हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंगरौलिया गांव का है। रविवार की रात जब बाहर तेज आंधी और बारिश का तांडव चल रहा था, तब एक कच्चे मकान के भीतर परिवार के तीन लोग बेफिक्र होकर सो रहे थे। उन्हें यह अंदाजा भी नहीं था कि जिस छत और दीवार के नीचे वे सुकुन से सो रहे हैं वही काल बन जाएगी। अचानक तेज हवा के झोंके से कच्चे मकान की भारी-भरकम दीवार भरभराकर सो रहे परिवार पर गिर गई।

मलबे के नीचे दबने से 9 वर्षीय मासूम कल्पना साकेत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिवार के दो अन्य सदस्य ललन और 6 साल का मासूम रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार और मलबे के गिरने की भयानक आवाज सुनकर आधी रात को गांव वाले मौके पर दौड़े और किसी तरह मलबे को हटाकर तीनों को बाहर निकाला।

अस्पताल में जिंदगी की जंग, गांव में पसरा सन्नाटा

सूचना मिलते ही सासन चौकी पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल ललन और नन्हें रंजीत को तुरंत जिला अस्पताल बैढ़न में भर्ती कराया गया है, जहां वे जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

सासन चौकी प्रभारी संदीप नामदेव ने बताया कि आंधी-तूफान के कारण कच्ची दीवार गिरने से यह बड़ा हादसा हुआ है। पुलिस ने मासूम बच्ची के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ये भी पढ़ें: MP Education Minister: ई-अटेंडेंस व्यवस्था पर कोई समझौता नहीं, TET परीक्षा के लिए भी सरकार तैयार!

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, उठ रही मदद की मांग

इस खौफनाक मंजर के बाद से पूरे सिंगरौलिया गांव में मातम छाया हुआ है। पीड़ित माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, जिनकी आंखों के सामने उनकी लाडली अब कभी लौटकर नहीं आएगी। इस दुखद घड़ी में पूरे गांव की आंखें नम हैं और स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस लाचार और बेघर हुए पीड़ित परिवार को तुरंत आर्थिक सहायता और पक्का आवास दिया जाए, ताकि वे इस असहनीय दुख से उबर सकें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m