मैनपुरी. राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव बुधवार(30 सितंबर) को मैनपुरी पहुंचीं. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के ‘अग्निशिखा युवती सम्मेलन’ में शामिल होने के दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया. अपर्णा ने कहा कि चुनाव लड़ने के लिए सीट का फैसला भाजपा करेगी और पार्टी जहां से चुनाव लड़ने को कहेगी, वह वहीं से मैदान में उतरेंगी. उन्होंने साफ किया कि फिलहाल मैनपुरी से चुनाव लड़ने की उनकी इच्छा नहीं है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में मानसून की विदाई शुरू, बाढ़ से कई जिले बेहाल; 8 से ज्यादा नदियां उफान पर
महिला सशक्तिकरण पर की बात
कार्यक्रम में अपर्णा यादव ने महिला सशक्तिकरण, नशामुक्त भारत और समाज में महिलाओं की भूमिका पर विचार रखे. उन्होंने कहा कि महिलाएं और युवतियां समाज में जागरूकता लाने के साथ उसकी दिशा बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं. खासतौर पर नशे के खिलाफ अभियान में महिलाओं की भागीदारी को उन्होंने अहम बताया.
PDA के सवाल पर टिप्पणी से इनकार
कार्यक्रम के दौरान अपर्णा यादव से अखिलेश यादव की PDA की परिभाषा को लेकर भी सवाल किया गया. इस पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि वह ABVP के कार्यक्रम में आई हैं और इस मंच पर इस विषय पर कुछ नहीं कहना चाहतीं. ससुराल से जुड़ी भावनाओं के सवाल पर उन्होंने इसे अपने लिए गरिमामयी बताया.
‘पार्टी का फैसला सर्वोपरि’
2027 में विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर अपर्णा यादव ने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रीय पार्टी है और जहां से पार्टी फैसला करेगी, वह वहीं से चुनाव लड़ेंगी. उन्होंने कहा कि उन्होंने सीट चुनने का फैसला पार्टी पर छोड़ दिया है. फिलहाल मैनपुरी से चुनाव लड़ने की उनकी इच्छा नहीं है.
इसे भी पढ़ें- अगर भाजपा ने बेईमानी न की होती तो…राज्यसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव का हमला, गठबंधन को लेकर दिया बड़ा बयान
पति प्रतीक के निधन के बाद पहली बार सैफई पहुंचीं
मैनपुरी कार्यक्रम के बाद अपर्णा यादव सैफई पहुंचीं. रिपोर्ट के मुताबिक, पति प्रतीक यादव के निधन के बाद यह उनकी पहली सैफई यात्रा थी. शाम करीब साढ़े पांच बजे उन्होंने परिवार की परंपरा के अनुसार कुलदेवी के मंदिर में पूजा-अर्चना की.

