लखनऊ. अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर करारा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बेईमानी नहीं होनी चाहिए, जिसकी संख्या ज्यादा हो उसे मौका मिलना चाहिए. पिछली बार राज्यसभा चुनाव में अगर भाजपा ने बेईमानी न की होती तो समाजवादी पार्टी तीन सीटें जीत गयी होती. उन्होंने कहा कि भाजपा बेईमान पार्टी है. भाजपा हर स्तर पर बेईमानी करती है. प्रदेश की जनता भाजपा को इस बार हमेशा के लिए सत्ता से हटा देगी.

आगे अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जो गठबंधन था, लोकसभा चुनाव में भी वही गठबंधन रहेगा. उन्होंने कहा कि गठबंधन में जीत ही सीट का आधार है. समाजवादी पार्टी की यात्रा को जनता का भारी समर्थन मिला. रायबरेली ने तय कर लिया है, इस बार चुनाव लोधी बनाम योगी होगा. रायबरेली में जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस और स्वजातीय टास्क फोर्स के लोगों ने बहुत खराब व्यवहार किया था. इस बार रायबरेली और उस इलाके से समाजवादी पार्टी के पक्ष में बहुत अच्छा परिणाम आएगा.

इसे भी पढ़ें- योगी के ‘सुशासन’ में न्याय खो गया? हाथरस की घटना को लेकर चंद्रशेखर आजाद का बड़ा बयान, सरकार को घेरते हुए कह दी बड़ी बात

अखिलेश यादव ने कहा कि मेरठ के लोग जान गए है कि भाजपा किसी की सगी नहीं है. जिन लोगों ने भाजपा को वोट दिया भाजपा ने उन्हीं के मकानों, दुकानों को तोड़ दिया. भाजपा धोखेबाज पार्टी है. भाजपा सरकार निवेश और उद्योग पर झूठे दावे करती है. उत्तर प्रदेश को कागजी नहीं सच्चे उद्योगों की जरूरत है, झूठे एमओयू की जरूरत नहीं है. जब सच्चे उद्योगपति आएंगे, सच्चा निवेश आएगा, तभी उद्योग और कारखाने लगेंगे.

अखिलेश यादव ने कहा कि हम लोग और विपक्ष लगातार कह रहे है कि पुलिस भाजपा के इशारे पर काम कर रही है. सम्भल के मामले में हम लोगों ने कई बार कहा कि पुलिस अन्याय कर रही है. अब वह बात सामने आ गयी है. सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद, सुप्रीम कोर्ट ने दस लाख रूपये की फाइन लगाया है, इससे पहले जिलाधिकारी पर भी फाइन लग चुका है. भाजपा सरकार में पुलिस-प्रशासन जनता के साथ अन्याय कर रही है. फर्जी एनकाउण्टर हो रहे हैं. पुलिस चप्पल पहन कर फर्जी एनकाउण्टर कर देती है. फर्जी एनकाउण्टर में सबसे ज्यादा पीडीए के लोगों की हत्या हुई. एसटीएफ में सबसे ज्यादा मुख्यमंत्री जी के स्वजातीय है.

इसे भी पढ़ें- P से परिवार D से दौलतमंद और A से अपराधी: PDA का फुलफार्म बताते हुए सपा राज्यसभा उम्मीदवारों पर OP राजभर ने कसा तंज, जानिए अखिलेश से क्या कहा?

अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता विधानसभा चुनाव में नकली योगी को हटाने जा रही है. उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है. 2022 में समाजवादी पार्टी को हराने के लिए भारी बेईमानी हुई थी. बड़े पैमाने पर समाजवादी पार्टी के समर्थकों के वोट काट दिए गए थे. जब समाजवादी पार्टी ने यह बात उठायी तो चुनाव आयोग ने नोटिस भेज दिया. तब समाजवादी पार्टी ने हजारों वोटरों के शपथ पत्र दिए थे. जिन मतदाताओं के वोट काटे गये थे, वे लोग वोट नहीं डाल पाए. इसी तरह से उत्तर प्रदेश विधानसभा के उपचुनाव में भी बड़े पैमाने पर बेइमानी और धांधली हुई थी. मीरापुर में पुलिस ने महिलाओं को वोट डालने से रोका. महिलाओं पर रिवाल्वर ताना, उसके बाद भी महिलाओं ने वोट डाला. बाद में समाजवादी पार्टी ने उन महिलाओं को सम्मानित किया था.