रविंद्र कुमार भारद्वाज, रायबरेली. उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने आज रायबरेली में अपनी दहाड़ लगाई. उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को सीधे निशाने पर लेते हुए उन पर लोकतंत्र का मखौल उड़ाने और संसद को बंधक बनाने का गंभीर आरोप लगाया. इतना ही नहीं उन्होंने राम मंदिर से जुड़ी हालिया चोरी की घटना पर भी सरकार का कड़ा रुख स्पष्ट करते हुए दोषियों को सबक सिखाने की बात कही.
इसे भी पढ़ें- 30 साल का इंतजार खत्म! लखनऊ में बनेगी 11 KM की एलिवेटेड रोड, हजरतगंज से वरुण विहार तक का सफर सिर्फ 20 मिनट में
अपर्णा यादव ने कहा, “कांग्रेस सांसद राहुल गांधी लगातार लोकतंत्र की मूल भावनाओं का मजाक उड़ा रहे हैं.” उन्होंने राहुल पर संसद की कार्यवाही को जानबूझकर बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे सदन को समय पर चलने नहीं देते. अपर्णा यादव ने जनता को ललकारते हुए कहा, “ऐसे नेताओं को जनता को पहचानना चाहिए और अगले आने वाले चुनाव में जनता उनको हो सकेगा तो बाहर का रास्ता भी दिखा सकती है.” यह राहुल गांधी और विपक्ष के लिए एक सीधा और तीखा संदेश था कि उनकी विघटनकारी राजनीति अब और नहीं चलेगी.
इसे भी पढ़ें- UP में बदमाशी नहीं चलेगी! मवेशी चोरों और खाकी के बीच मुठभेड़, फिर जो हुआ…
राम मंदिर से जुड़ी हालिया चोरी की घटना पर अपर्णा यादव का गुस्सा साफ झलक रहा था. उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि “इस घटना की निंदा हर नागरिक को करनी चाहिए.” उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “राम मंदिर हमारी आस्था का प्रतीक है, ऐसी घटनाएं न सिर्फ धार्मिक भावनाओं को काफी ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि सामाजिक सद्भावना को भी बिगड़ने की कोशिश करती हैं.” उन्होंने कानून व्यवस्था पर सरकार की सख्ती दोहराते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है और इस मामले पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसको सजा मिलेगी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई भी होनी चाहिए. यह स्पष्ट था कि सरकार इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगी.


