अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. जनपद के थाना चकिया क्षेत्र में मवेशी चोरी की एक बड़ी वारदात को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया. चकिया पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में पांच बदमाशों को पकड़ लिया गया, जिनमें से एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हो गया. घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया है.
इसे भी पढ़ें- किसी से नहीं डरते, धर्म परिवर्तन कराते रहेंगे… आर्थिक मदद की आड़ में धर्मांतरण, 7 आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, कंट्रोल रूम को थाना चकिया अंतर्गत बमहोरा नाका गांव के एक ग्रामीण ने सूचना दी कि कुछ मवेशी चोर नीले रंग की मैजिक वाहन से गांव में आए थे. ग्रामीणों के जाग जाने पर बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम दिए बिना ही वाहन लेकर मौके से भाग निकले. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चकिया, जो पहले से ही एसओजी टीम के साथ वांछित अपराधियों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तत्काल मौके के लिए रवाना हुए.
इसे भी पढ़ें- ग्राम प्रधान की गुंडागर्दी! समर्थकों के साथ पहुंचकर तोड़ा युवक के घर का गेट, पीड़ित ने लगाया कब्जे का आरोप
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मैजिक वाहन की तलाश शुरू की और गरला के आगे रणनीतिक घेराबंदी कर वाहन को ओवरटेक कर रोक लिया. वाहन रुकते ही उसमें सवार बदमाश भागने लगे. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया. वहीं एक बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगा. आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा. पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर उपचार के लिए सीएचसी भेज दिया. पुलिस ने मौके से मैजिक वाहन को कब्जे में ले लिया है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास के साथ-साथ गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है.


