पुष्पेंद्र कुमार, चरखी दादरी। जिले की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने APK फाइल के माध्यम से बैंक खातों से पैसे निकालने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी को राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 स्मार्टफोन, 2 लैपटॉप और 6 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दिनांक 04.12.2025 को गांव छप्पार निवासी रविन्द्र ने शिकायत दी थी कि उसके व्हाट्सएप पर एक संदिग्ध APK फाइल (Investigation Card) प्राप्त हुई थी। फाइल को ओपन करने के बाद उसके तथा उसकी पत्नी के बैंक खातों से कुल 71,208 रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि ठगी की राशि विभिन्न UPI आईडी के माध्यम से ट्रांसफर कर MagicPin प्लेटफॉर्म के जरिए Swiggy Instamart और Blinkit के गिफ्ट वाउचर खरीदने में इस्तेमाल की गई थी।
तकनीकी जांच और मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर हेड कांस्टेबल मुकेश और उनकी टीम ने जोधपुर (राजस्थान) में छापेमारी कर हरिष वैष्णव निवासी शिव सागर, जोधपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के ठिकाने से 15 स्मार्टफोन, 2 लैपटॉप और 6 सिम कार्ड बरामद किए गए, जिनमें साइबर फ्रॉड से संबंधित डिजिटल साक्ष्य पाए गए।
पूछताछ में आरोपी के साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े होने के महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी साइबर फ्रॉड से प्राप्त राशि का उपयोग विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों के माध्यम से गिफ्ट वाउचर खरीदने और उन्हें रिडीम कराने में करता था।

साइबर ठगी से अर्जित राशि की बरामदगी, सह-आरोपियों की गिरफ्तारी, मालवेयर APK फाइल तैयार करने वालों, सिम कार्ड उपलब्ध कराने वालों तथा पूरे साइबर नेटवर्क की पहचान के लिए आरोपी को 5 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है । आरोपी से पुछताछ जारी है ।
- अजगर में कैंसर का ऑपरेशन: साढ़े तीन घंटे चली सर्जरी, मुंह से निकाली गांठ, वन्यजीव विशेषज्ञ ने बचाई जान
- खंडवा में अभिनेता रघुवीर यादव को मिला राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की तारीफ
- वरदान हॉस्पिटल में आयुष्मान योजना में गड़बड़ी: बोगस मरीजों और अनावश्यक ICU में भर्ती का खुलासा, स्वास्थ्य विभाग ने 3 दिन में मांगा जवाब
- हिसार में 24 अक्टूबर को सजेगी ‘DESIVERSE’ म्यूजिकल नाइट, परमीश वर्मा करेंगे लाइव परफॉर्मेंस
- ‘डांस रोका तो उखाड़ फेंका मंच…’: पुलिस से तकरार के बाद रामलीला बंद, धर्म बदलने की चेतावनी से मची हड़कंप

