आरा। मोबाइल पर रील्स देखने से रोकने पर एक 22 वर्षीय गर्भवती महिला ने जहर खाकर जान ली। अस्पताल में इलाज के दौरान महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे, दोनों की मौत हो गई। यह खौफनाक घटना नगर थाना क्षेत्र के उजियार टोला, बिंद टोली मोहल्ले की है। मृतका की पहचान पटना जिले के महीनावां गांव निवासी गोविंद महलो की पत्नी पार्वती देवी के रूप में हुई है, जो दो मासूम बच्चों की मां थी।
शादी में शामिल होने गुजरात से आया था परिवार
पार्वती का पति गोविंद महतो गुजरात के राजकोट में एक लोहा फैक्ट्री में मजदूरी करता है। वह बीते 30 अप्रैल को अपनी भांजी की शादी में शामिल होने के लिए पूरे परिवार के साथ गांव आया था। शादी संपन्न होने के बाद, पत्नी पार्वती की जिद पर गोविंद उसे लेकर बच्चों समेत अपने ससुराल आरा आ गया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशियों के माहौल में इस तरह का मातम पसर जाएगा।
रील्स देखने के लिए मांगा मोबाइल, मना करने पर बढ़ा विवाद
पति गोविंद के अनुसार, शुक्रवार की सुबह पार्वती ने उससे रील्स (शॉर्ट वीडियो) देखने के लिए मोबाइल फोन मांगा था। काम और अन्य वजहों से गोविंद ने उसे फोन देने से साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद को बढ़ता देख गोविंद घर से बाहर चला गया, ताकि माहौल शांत हो सके। लेकिन कुछ ही देर बाद ससुराल वालों ने उसे फोन पर सूचना दी कि पार्वती ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। आनन-फानन में उसे आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
भाई का आरोप: जीजा ने की थी मारपीट
दूसरी तरफ, मृतका के छोटे भाई धन्नु ने अपने जीजा गोविंद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। धन्नु का कहना है कि सुबह से ही दोनों के बीच मोबाइल को लेकर विवाद चल रहा था और गोविंद ने पार्वती के साथ बेरहमी से मारपीट भी की थी। भाई ने बताया कि पार्वती ने राजकोट में गोविंद को साइकिल खरीदने के लिए 1,000 दिए थे। जब गोविंद ने मोबाइल देने से मना किया, तो पार्वती ने अपने पैसे वापस मांगे ताकि वह खुद का नया फोन खरीद सके। इसी बात को लेकर झगड़ा और ज्यादा उग्र हो गया।
मौत से ठीक पहले का वीडियो आया सामने
भाई धन्नु ने एक और चौंकाने वाला खुलासा किया कि जब दोनों के बीच झगड़ा चरम पर था, तब पति गोविंद अपने मोबाइल से पत्नी का वीडियो बना रहा था। आक्रोश में आकर पार्वती ने उसका मोबाइल छीनने की कोशिश भी की थी। इसके बाद जब घर के लोग कुछ देर के लिए बाहर गए, तो पार्वती ने कमरे में रखा जहर खा लिया। पुलिस अब मौत से पहले के इस वीडियो और दोनों पक्षों के दावों को आधार बनाकर मामले की गहन तफ्तीश कर रही है।

