संजीव, गोहाना, सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़वासनी पहुंचीं। उन्होंने विद्यार्थियों के बीच बैठकर पढ़ाई, स्वच्छता, स्वास्थ्य, खेल और उनके भविष्य के सपनों पर बातचीत की। उन्होंने बच्चों से कहा कि सेवा की शुरुआत छोटी-छोटी अच्छी आदतों से होती है।

बच्चों को स्वच्छता और स्वस्थ जीवन का संदेश

डॉ. अर्चना गुप्ता ने बच्चों से पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने नियमित रूप से नाखून काटने, हाथ धोने, ब्रश करने, स्नान करने और बालों की स्वच्छता रखने की बात कही।

उन्होंने बच्चों से घर में माता-पिता के काम में हाथ बंटाने और जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख दी। साथ ही दाल, हरी सब्जियां और घर का बना भोजन खाने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए पौष्टिक भोजन के साथ खेलना और अच्छा वातावरण भी जरूरी है। बच्चों से उन्होंने कहा, “खूब खेलो, खूब पढ़ो और झगड़ा मत करो।”

बच्चों से पूछा- भविष्य में क्या बनना चाहते हो?

प्रदेशाध्यक्ष ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के सपनों के बारे में भी पूछा। उन्होंने कहा कि कोई डॉक्टर, शिक्षक, वैज्ञानिक, इंजीनियर या किसी अन्य क्षेत्र में जाना चाहता है तो अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करनी चाहिए।

उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रयास करते रहने की प्रेरणा दी।

‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता की दी जानकारी

डॉ. गुप्ता ने ‘मेरे सपनों का भारत, विकसित भारत’ प्रतियोगिता की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि छोटे बच्चों के लिए ड्राइंग-पेंटिंग और बड़े बच्चों के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी। जिला और प्रदेश स्तर पर विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

सेवा संकल्प अभियान के तहत हरियाणा में अलग-अलग सेवा, स्वास्थ्य और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका का सम्मान

इसके बाद डॉ. अर्चना गुप्ता आंगनवाड़ी केंद्र संख्या 121 में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में पहुंचीं। यहां उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुदेश और सहायिका को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

उन्होंने महिलाओं से संवाद किया और उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, स्वच्छ भारत मिशन और पीएम आवास योजना सहित महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम में गोहाना भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, सोनीपत जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, पूर्व मंत्री कविता जैन, प्रदीप सांगवान, प्रदेश मंत्री विकास दहिया, बड़वासनी सरपंच शीला देवी, खंड शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा, प्राचार्या मीना कुमारी सहित ग्रामीण और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m