संजीव, गोहाना, 17 सितंबर। भाजपा हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान के तहत घर-घर पहुंचने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन जनकल्याण और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा है। उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में देश ने ऐतिहासिक बदलाव देखा है। हरियाणा में सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से शुरू किया गया है।सेवा अभियान में घर-घर पहुंचें कार्यकर्ता, पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाएं: अर्चना गुप्ता
सोनीपत रोड स्थित गोहाना भाजपा कार्यालय में आयोजित हवन में डॉ. अर्चना गुप्ता ने पूर्णाहुति डाली। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, नगर परिषद गोहाना की चेयरपर्सन रजनी विरमानी और वरिष्ठ भाजपा नेता प्रदीप सांगवान के साथ कार्यकर्ताओं को फल वितरित किए।
सेवा गतिविधियों में रक्तदान से स्वच्छता अभियान तक
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को पूरे प्रदेश में ‘सेवा दिवस’ के रूप में मना रही है। सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर और मोतियाबिंद मुक्त हरियाणा सहित कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान के तहत प्रदेश में सवा करोड़ से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाएं और स्वयंसेवी संगठन भी भाग ले रहे हैं।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए ‘इनोवेशन चैलेंज’ शुरू किया गया है। नागरिक और कार्यकर्ता ‘भाजपा हरियाणा नमो सेवा पोर्टल’ पर पंजीकरण कर अपनी रुचि के अनुसार सेवा गतिविधियों से जुड़ सकते हैं। पोर्टल को सेवा गतिविधियों से आमजन, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों को जोड़ने के लिए शुरू किया गया है।
कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से परिवारवाद से ग्रस्त है। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू से लेकर गांधी परिवार तक एक ही परिवार के प्रभाव का जिक्र किया। उन्होंने हरियाणा में हुड्डा परिवार के प्रभाव का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता के परिश्रम और समर्पण का सम्मान होता है। संगठन में आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं। उनके मुताबिक भाजपा की राजनीति परिवारवाद के बजाय संगठन, कार्यकर्ता और राष्ट्रसेवा पर आधारित है।
धान खरीद को लेकर कही यह बात
धान खरीद से जुड़े सवाल पर प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर चुके हैं। मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए जरूरी प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देगी।
2 अक्टूबर को दो घंटे का स्वच्छता अभियान
डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर पूरे हरियाणा में दो घंटे का सघन स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सफाई मित्र और आम नागरिक भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री महेंद्र चिडाना एवं जितेंद्र शर्मा, डॉ. ओमप्रकाश शर्मा, परमवीर सैनी, रमेश कश्यप, प्रवीण खुराना, मुकेश रोहिल्ला और पवन शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



