गुरुग्राम। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को हरियाणा के पूर्व राज्य मंत्री गोपाल कांडा के तीन ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई रियल एस्टेट कंपनी वाटिका द्वारा की गई वित्तीय हेराफेरी के सिलसिले में की गई है। ईडी की टीम ने गुरुग्राम स्थित उनके घर, फार्महाउस और दफ्तर पर प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) की धारा 17 के तहत यह सर्च अभियान चलाया।
यह मामला गुरुग्राम के चार रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि इन प्रोजेक्ट्स में 661 निवेशकों से करीब 248.46 करोड़ रुपये जमा कराए गए थे। निवेशकों को तय समय पर कब्जा, पक्का रिटर्न, लीज रेंटल और सेल डीड पूरी करने का भरोसा दिया गया था। हालांकि, अब तक न तो खरीदारों को कब्जा मिला और न ही सेल डीड पूरी की गई।
कंपनियों में फंड ट्रांसफर का आरोप
ईडी की जांच में आरोप लगा है कि वाटिका ग्रुप द्वारा डायवर्ट किए गए फंड को बाद में गोपाल कांडा से जुड़ी अलग-अलग कंपनियों में ट्रांसफर कर दिया गया था। इसी वित्तीय लेनदेन की पड़ताल के लिए ईडी ने कांडा के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
सिरसा के पूर्व विधायक गोपाल कांडा के ठिकानों पर ईडी की यह पहली छापेमारी नहीं है। इससे पहले अगस्त 2023 में भी ईडी की टीमों ने उनकी संपत्तियों के दस्तावेज खंगाले थे। उस दौरान ईडी के अधिकारियों ने उनके सिविल लाइन स्थित घर और एमडीएलआर एयरलाइंस के कार्यालय पर एक साथ 21 घंटे तक लगातार कार्रवाई की थी।
एयर होस्टेस सुसाइड केस में आया था नाम
गोपाल कांडा वर्ष 2012 में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आए थे। उस समय 23 वर्षीय पूर्व एयर होस्टेस गीतिका शर्मा की आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में उनका नाम सामने आया था। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी किया था। हालांकि, साल 2023 में एक अदालत ने उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया था।
70 करोड़ की संपत्ति और सिरसा में महल
हरियाणा के पूर्व गृह राज्य मंत्री और पूर्व विधायक गोपाल कांडा का जन्म एक सामान्य परिवार में हुआ था और उन्होंने दसवीं तक पढ़ाई की है। उनके पिता मुरलीधर कांडा की पृष्ठभूमि आरएसएस (RSS) से जुड़ी थी। साल 2019 के विधानसभा चुनाव में दाखिल हलफनामे के अनुसार, कांडा के पास करीब 70 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। उन्होंने सिरसा में लगभग ढाई एकड़ में एक महल बनवा रखा है, जिसके परिसर के अंदर ही हेलीपैड भी बना हुआ है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



