हरियाणा भाजपा की पूर्व प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। विधायक जगमोहन आनंद ने उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया है।

सुमन चौहान, करनाल। भारतीय जनता पार्टी ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए हरियाणा प्रदेश इकाई की कमान डॉ. अर्चना गुप्ता को सौंपी है। बुधवार को पदभार ग्रहण करने के बाद से ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। इस नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाना भाजपा नेतृत्व का एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक निर्णय है। इससे पार्टी की अन्य महिला कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है और संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। विधायक ने आशा व्यक्त की कि डॉ. गुप्ता के कुशल नेतृत्व में हरियाणा में पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा।

महिला सशक्तिकरण का ऐतिहासिक कदम

विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि भाजपा आज न केवल भारत की, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी और लोकप्रिय पार्टी बन चुकी है। 17 राज्यों में भाजपा की सरकारें इसका प्रमाण हैं। राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक चुनावों के बाद हरियाणा में भी बदलाव की प्रक्रिया शुरू हुई है, जिसके तहत प्रदेश महामंत्री रहीं डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने इसे मात्र पद परिवर्तन नहीं बल्कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक ठोस और साहसी कदम बताया। विधायक ने जोर देकर कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां एक सामान्य कार्यकर्ता अपनी मेहनत और निष्ठा के बल पर संगठन के सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकता है।

शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार

इस गरिमामय फैसले के लिए विधायक जगमोहन आनंद ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित संपूर्ण केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का हृदय से आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने एक समर्पित और मेहनती कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी देकर यह सिद्ध कर दिया है कि पार्टी में श्रम का सदैव सम्मान होता है। डॉ. अर्चना गुप्ता को कार्यभार संभालने पर बधाई देते हुए विधायक ने विश्वास जताया कि उनके अनुभवी नेतृत्व में हरियाणा भाजपा आगामी चुनौतियों के लिए और अधिक सक्षम होकर उभरेगी। कार्यकर्ताओं में भी इस नियुक्ति को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।