हरियाणा की राजनीति में इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की चर्चा बेहद तेज हो गई है। रानियां सीट से इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने खुद को पहला कॉकरोच विधायक बताते हुए इस मुहिम को अपना खुला समर्थन दिया है।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा की राजनीति में इन दिनों एक ऐसे नाम की चर्चा तेज हो गई है, जिसे सुनकर लोग पहले हंस रहे थे, फिर चौंक गए और अब सवाल पूछ रहे हैं। सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक एक नई ‘जनता पार्टी’ का जिक्र हो रहा है, और अब इस बहस में एक विधायक की एंट्री ने हलचल और बढ़ा दी है।
चर्चा उस वक्त और तेज हो गई जब रानियां से इनेलो विधायक Arjun Chautala ने खुद को “पहला कॉकरोच विधायक” बताते हुए इस मुहिम से जुड़ने का ऐलान कर दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने एक ईमेल जारी करते हुए कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी का कोई भी सदस्य उनसे संपर्क कर सकता है और वे इस अभियान में हरसंभव मदद करेंगे।
अब सवाल यह उठने लगे हैं कि आखिर अचानक चर्चा में आई यह ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ क्या है, इसका मकसद क्या है और एक मौजूदा विधायक के सार्वजनिक समर्थन के पीछे क्या संदेश छिपा है? हरियाणा की सियासत में इस बयान ने नई बहस को जन्म दे दिया है।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे नए प्रयोग की शुरुआत मान रहे हैं तो कुछ इसे राजनीतिक व्यंग्य और सोशल मीडिया ट्रेंड से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल, अर्जुन चौटाला के इस बयान ने “कॉकरोच जनता पार्टी” को चर्चा के केंद्र में जरूर ला दिया है।

