परवेज खान, यमुनानगर। यमुनानगर में वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक अर्जुन सिंह ने छछरौली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार को “झूठ की फैक्ट्री” बताते हुए कहा कि मौजूदा व्यवस्था में हर वर्ग परेशान है और लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं।
सरकार को कहा “लाइनमैन सरकार”
उन्होंने तंज कसते हुए सरकार को “लाइनमैन सरकार” कहा और आरोप लगाया कि राशन कार्ड, आधार कार्ड, तेल और गैस जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए भी जनता को परेशान होना पड़ रहा है। उनके अनुसार, जनता को गुमराह करना और समस्याओं में उलझाए रखना ही सरकार की कार्यशैली बन गई है।
किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पोर्टल की खामियों के कारण किसान लगातार परेशान हैं और उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि इन तकनीकी समस्याओं का समाधान आखिर कौन करेगा।

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल की सराहना की
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय किसानों को मंडियों में किसी तरह की परेशानी नहीं होती थी। साथ ही भाजपा सरकार पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि “एक देश, एक किसान” की बात करने के बावजूद किसानों को अपनी फसल बेचने में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

