देवघर। झारखंड के देवघर में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। नगर थाना क्षेत्र के बेलबगान में गुरुवार देर रात नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने झामुमो नेता ओमकार वर्णवाल के घर धावा बोल दिया। चार अपराधियों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर जमकर लूटपाट की। विरोध करने पर नेता की पत्नी और मां को चाकू से घायल कर दिया। अपराधी घर से करीब दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और महंगा आईफोन लेकर फरार हो गए।

छत के रास्ते घर में घुसे चार नकाबपोश अपराधी

घटना रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। उस समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे, जबकि ओमकार वर्णवाल घर पर मौजूद नहीं थे। घर में उनकी पत्नी मंजू देवी, बेटा सम्राट शिवम और मां गिरजा देवी थीं।

इसी दौरान चार नकाबपोश अपराधी छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। इनमें से तीन के पास हथियार और एक के पास चाकू था। घर में घुसते ही अपराधियों ने परिवार के सदस्यों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। विरोध करने पर उन्होंने मंजू देवी के हाथ पर चाकू से वार कर उन्हें घायल कर दिया।

बेटे की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर दी गोली मारने की धमकी

अपराधियों ने ओमकार वर्णवाल के बेटे सम्राट शिवम की कनपटी पर पिस्तौल सटाकर धमकी दी कि हिलने पर गोली मार देंगे। इसके बाद परिवार के सदस्यों को डराकर गोदरेज की चाबी मांगी। चाबी नहीं होने की बात सुनकर अपराधी भड़क गए और चाकू से हमला कर दिया, जिससे मंजू देवी और गिरजा देवी घायल हो गईं।

इसके बाद अपराधियों ने लोहे की रॉड से गोदरेज तोड़ दिया और उसमें रखे नकदी व जेवरात निकाल लिए।

नकदी, सोने के जेवर और आईफोन भी ले गए अपराधी

पीड़ित परिवार के मुताबिक, अपराधी घर से करीब दो लाख रुपये नकद, सोने का कंगन, मांगटीका और अन्य जेवरात ले गए। इसके अलावा मंजू देवी के गले से सोने की चेन, कान की बालियां, अंगूठी और पायल उतरवा ली। गिरजा देवी के गले की चेन, कान की बालियां और पायल भी लूट ली गईं।

अपराधियों ने सम्राट शिवम के गले से चांदी की चेन और ब्रेसलेट उतरवा लिया। वे करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का आईफोन भी अपने साथ ले गए। शिवम ने मोबाइल लौटाने की गुहार लगाई तो अपराधियों ने जाते समय गाड़ी में मोबाइल छोड़ देने की बात कही।

30 से 40 साल के बताए जा रहे अपराधी

पीड़ित परिवार के सदस्यों के अनुसार, चारों अपराधियों की उम्र करीब 30 से 40 वर्ष के बीच थी। इनमें से एक अपराधी कद-काठी में काफी लंबा और मजबूत था। वारदात के दौरान अपराधी आपस में कम बातचीत कर रहे थे। वे बातचीत के लिए कोड वर्ड का इस्तेमाल कर रहे थे, ताकि उनकी भाषा और बातचीत को समझना मुश्किल हो।

घटनास्थल पर मिली चप्पल, संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना रात करीब दो बजे पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी रवि ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस को वहां एक जोड़ी चप्पल मिली। परिवार के सदस्यों ने चप्पल घर के किसी सदस्य की होने से इनकार किया।

जांच के दौरान पुलिस को बंपास टाउन मोहल्ले में एक संदिग्ध के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम वहां पहुंची, लेकिन तब तक संदिग्ध फरार हो चुका था।

चार दिनों में दूसरी बड़ी वारदात, पुलिस की चुनौती बढ़ी

देवघर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पुलिस अभी नंदन पहाड़ स्थित एसबीआई एटीएम मशीन लूटकांड के आरोपियों का पता लगाने में जुटी थी कि झामुमो नेता के घर लूट की दूसरी बड़ी वारदात सामने आ गई।

चार दिनों के भीतर हुई दूसरी बड़ी घटना से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं, लगातार हो रही वारदातों के कारण स्थानीय लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।