ODHISHA DESK, केंदुझर: ओडिशा के केंदुझर जिले में सोमवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज डकैती का मामला सामने आया है। यहां हथियारबंद बदमाशों ने दो सरकारी अधिकारियों से बुजुर्गों और जरूरतमंदों की पेंशन वितरण के लिए रखे 8.18 लाख रुपये लूट लिए। यह वारदात सदर थाना क्षेत्र के बौरीपदा पंचायत कार्यालय के पास हुई।
जानकारी के मुताबिक, बौरीपदा पंचायत के कार्यकारी अधिकारी (PEO) और सहायक विकास विस्तार अधिकारी (ADEO) सुबह करीब 9:45 बजे एक एचडीएफसी (HDFC) बैंक शाखा से नकद राशि निकालकर स्कूटर से पंचायत कार्यालय की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान मुकुना बाजार के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें अपना निशाना बनाया।
एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने अधिकारियों के स्कूटर को बीच रास्ते में ही रोक लिया। जब सरकारी अधिकारियों ने पैसे देने से इनकार किया और विरोध करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने तुरंत हथियार निकाल लिए। इलाके में दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने हवा में एक राउंड फायरिंग कर दी, जिससे आसपास के लोग सहम गए।
फायरिंग से डरे अधिकारियों से बदमाशों ने पेंशन फंड से भरे दोनों बैग छीन लिए। हद तो तब हो गई जब बदमाश न केवल पैसे, बल्कि पंचायत कार्यकारी अधिकारी (PEO) का स्कूटर भी लूटकर बेल्डा की तरफ फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लूट की इस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश आपस में हिंदी और बंगाली में बात कर रहे थे। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि यह गिरोह जिले से बाहर या पड़ोसी राज्य का हो सकता है, जो रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम देने आया था।
इस अचानक हुए हमले से सहमे अधिकारियों ने तुरंत घटना की जानकारी सदर ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) को दी और बाद में केंदुझर सदर पुलिस स्टेशन में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर इलाके की नाकेबंदी कर दी है और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के आधार पर बदमाशों को पकड़ने के लिए छापेमारी तेज कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

