विकासनगर के सहिया-समाल्टा मोटर मार्ग पर सेना के ट्रक के ब्रेक फेल होने से चार महिलाएं घायल हो गईं. इनमें से तीन को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है.

विकासनगर. देहरादून जिले की कालसी तहसील के सहिया-समाल्टा मोटर मार्ग पर 29 सितंबर को सेना का एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बैठी चार महिलाओं को चपेट में ले गया. बताया जा रहा है कि ढलान पर ट्रक के ब्रेक फेल होने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका.

हादसे में चारों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन महिलाओं को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया.

ब्रेक फेल होने से हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सेना का ट्रक समाल्टा की ओर से सहिया आ रहा था. सहिया के पास ढलान पर अचानक ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक मोड़ नहीं काट सका.

अनियंत्रित ट्रक ने पहले सड़क पर खड़ी एक यूटिलिटी को टक्कर मारी. इसके बाद सड़क किनारे दुकान के पास बैठी चार महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं. हादसे में यूटिलिटी वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

तीन महिलाएं रेफर

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सीएचसी सहिया पहुंचाया.

सीएचसी सहिया की डॉक्टर हुमा परवीन ने बताया कि चारों महिलाओं का प्राथमिक उपचार किया गया. इनमें तीन की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है.

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी सीएचसी सहिया पहुंची और घायलों से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

सहिया चौकी प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि सेना के वाहन को पुलिस चौकी में खड़ा करवाया गया है. उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.