हेमंत शर्मा, इंदौर। देश की रक्षा करते-करते इंदौर का एक और बेटा हमेशा के लिए अमर हो गया। राजस्थान के जैसलमेर में ड्यूटी से लौटते समय हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के 31 वर्षीय मेजर हमज़ा आरिफ का निधन हो गया। हादसे में सेना का वाहन सड़क पर आए एक ऊंट से टकराकर पलट गया। इस दुर्घटना में मेजर हमज़ा ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जबकि उनके दो साथी जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
9 साल से इंडियन आर्मी में दे रहे थे सेवा
मूल रूप से इंदौर के राजेंद्र नगर क्षेत्र के रहने वाले मेजर हमज़ा आरिफ पिछले 9 वर्षों से भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे रहे थे। गुरुवार रात वे अपने साथियों के साथ ड्यूटी पूरी कर सैन्य वाहन से लौट रहे थे। इसी दौरान जैसलमेर क्षेत्र में अचानक सड़क पर आए ऊंट से सेना का वाहन टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पलट गया। हादसे में मेजर हमज़ा की मौके पर ही मौत हो गई।

तिरंगे में लिपटकर लौटेगा इंदौर का लाल
इस खबर ने पूरे इंदौर को गमगीन कर दिया है। जिस घर में महज एक महीने पहले शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। नई जिंदगी की शुरुआत करने वाले मेजर हमज़ा तिरंगे में लिपटकर अपने घर लौटेंगे। उनकी शहादत ने हर आंख को नम कर दिया है।
परिवार में माता-पिता और 3 बहनें
मेजर हमज़ा के परिवार में माता-पिता और तीन बहनें हैं। उनके पिता आरआर कैट (RRCAT) से सेवानिवृत्त हैं और परिवार राजेंद्र नगर क्षेत्र में रहता है। बताया जा रहा है कि मेजर हमज़ा का पार्थिव शरीर शनिवार दोपहर तक इंदौर पहुंचने की संभावना है। इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

शहादत की खबर से इंदौर में मातम
शहादत की खबर मिलते ही राऊ विधायक मधु वर्मा, स्थानीय पार्षद प्रशांत बडवे, नवनीत हार्डिया सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक लोग मेजर हमज़ा के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश परिवार के साथ खड़ा है।
हमेशा याद रहेगा बलिदान
मेजर हमज़ा आरिफ अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। देश की रक्षा के लिए जीवन न्योछावर करने वाले इस वीर सपूत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय सैनिक अपने कर्तव्य के लिए हर पल तैयार रहता है। इंदौर का यह बेटा भले ही आज हमारे बीच नहीं है, लेकिन उसका नाम देशभक्ति, साहस और सर्वोच्च समर्पण की मिसाल बनकर हमेशा अमर रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


